Kanpur: गंगा का जलस्तर बढ़ा…बैराज के 29 गेट खोले गए, सिंचाई विभाग और प्रशासन पूरी तरह है सतर्क
Kanpur News: सिंचाई विभाग के मुताबिक, बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से आ रहे पानी की वजह से जलस्तर में वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
विस्तार
कानपुर में बारिश और पहाड़ से आ रहे पानी की वजह से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए बैराज के 30 में से 29 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि एक गेट मरम्मत कार्य की वजह से बंद है। गुरुवार को बैराज की तरफ जलस्तर 113.35 मीटर दर्ज किया गया।
हरिद्वार से 53,370, नरौरा से 42,160 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। दो दिन पहले भी नरौरा से एक लाख 22 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिसके शुक्रवार शाम तक यहां पहुंचने की उम्मीद है। स्थिति यह है कि अटल घाट की सीढि़यां गंगा में डूब गई हैं।
गंगा के किनारे बसे इलाकों पर रखी जा रही है निगरानी
सिंचाई विभाग के मुताबिक, बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से आ रहे पानी की वजह से जलस्तर में वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गंगा के किनारे बसे इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।