Kanpur Dehat: वाहन की टक्कर से किसान की मौत, रात भर सड़क किनारे पड़ा रहा शव, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सिठमरा चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मनोज की जान लेने वाले वाहन व चालक का पता लगाया जा रहा है। मौके पर मनोज की क्षतिग्रस्त साइकिल भी मिली है।
विस्तार
कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र में अस्वस्थ गर्भवती पत्नी व बच्चियों की दवा खरीदकर लौट रहे साइकिल सवार किसान की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। रात भर शव सड़क पर पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।
हादसा बुधवार देर शाम झींझक मार्ग पर भारत सिंह का पुरवा गांव में हुआ। क्षेत्र के गेंदामऊ गांव निवासी मनोज पाल (38) खेतीबाड़ी करते थे। गर्भवती पत्नी आरती व बेटियों रचिता और हिमांशी के बीमार होने के चलते बुधवार को वह दवा और गृहस्थी का सामान खरीदने साइकिल से रूरा बाजार गए थे।
देर शाम लौटते वक्त झींझक मार्ग पर भारत सिंह का पुरवा गांव के सामने तेज रफ्तार वाहन मनोज की साइकिल में टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मनोज साइकिल से उछल कर सड़क के किनारे जा गिरे और मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, रात में मनोज के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। गुरुवार की सुबह राहगीरों ने शव सड़क के किनारे पड़ा देख पुलिस को खबर दी। वहीं परिजन भी मनोज को तलाश करते हुए मौके पर पहुंच गए। पिता गया प्रसाद पाल ने शव की पहचान बेटे मनोज के रूप में की।
मौके पर मनोज की क्षतिग्रस्त साइकिल भी मिली है। मनोज की मौत से पत्नी, बच्चों व परिवार के अन्य लोगों को रोकर बुरा हाल रहा। सिठमरा चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मनोज की जान लेने वाले वाहन व चालक का पता लगाया जा रहा है।