यूपी: 'अमरमणि को कांग्रेस में शामिल किया तो जंतर मंतर पर करूंगी अनशन', मधुमिता शुक्ला की बहन ने किया एलान
अमरमणि त्रिपाठी के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं के बीच मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में पैरवी कर रहीं उनकी बहन निधि शुक्ला ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर अमरमणि को कांग्रेस या किसी अन्य पार्टी में शामिल किया गया तो वह जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन और अनशन करेंगी।
विस्तार
प्रसिद्ध कवयित्री मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में पैरवी कर रहीं उनकी बहन व कांग्रेस की पीसीसी सदस्य निधि शुक्ला ने पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं के बीच विरोध शुरू कर दिया है। इस संबंधन में निधि शुक्ला ने रविवार को लखीमपुर खीरी में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि अगर अमरमणि को कांग्रेस में शामिल किया गया तो वह दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना-प्रदर्शन और अनशन करेंगी।
निधि शुक्ला का कहना है कि आठ सितंबर को फरेंदा में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त के स्वागत के दौरान अमरमणि त्रिपाठी ने कांग्रेस में शामिल होने की बात कही थी। इसकी भनक लगते ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व के समक्ष विरोध दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत तमाम बड़े नेताओं से संपर्क कर चुकी हैं।
निधि ने अमरमणि को बताया अपराधी
निधि के मुताबिक, साल 2004 में वह मधुमिता हत्याकांड की पैरवी के दौरान तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिली थीं। उन्होंने उनकी पूरी बात सुनकर न्याय की लड़ाई में सहयोग का भरोसा दिया था। प्रियंका गांधी ने भी अमरमणि से दूरी बनाए रखने की बात कही थी। निधि ने निर्वाचन आयोग को भेजे पत्र में अमरमणि को मधुमिता हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा और बस्ती के अपहरण मामले में फरार घोषित अपराधी बताया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.