Kanpur: जून से शुरू होगा जरीबचौकी पुल का निर्माण, तीन साल में काम पूरा करने का लक्ष्य, अगले महीने होंगे टेंडर
Kanpur News: पांच दिन पहले प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने इस बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण के प्रस्ताव पर मुहर लगाई थी। एक महीने पहले प्रदेश की व्यय वित्त समिति भी इस पुल के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में जरीबचौकी पुल निर्माण के लिए शासन ने आदेश जारी कर दिया है। निर्माण के लिए 112.21 करोड़ की पहली किश्त भी जारी कर दी गई है। बुधवार को सेतु निगम ने एक महीने में टेंडर कराने और निर्माण शुरू कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सब कुछ तय समय में हुआ, तो तीन साल मे इस पुल पर वाहन फर्राटा भरने लगेंगे। कालपी रोड को जीटी रोड और घंटाघर रोड से जोड़ने वाली जरीबचौकी रेलवे क्रॉसिंग पर चार-लेन के रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के साथ ही जीटी रोड पर चार लेन का उपरिगामी सेतु (एलिवेटेड रोड) भी बनेगा।
दो के बजाय चार रैंप बनेंगे
यह शहर का ऐसा पहला पुल होगा, जिसमें दो के बजाय चार रैंप बनेंगे। चार-लेन का एक रैंप कालपी रोड की तरफ, चार-लेन का दूसरा रैंप जीटी रोड पर गोल चौराहे की तरफ, जीटी रोड पर ही चार-लेन का तीसरा रैंप टाटमिल की ओर और दो-लेन का चौथा रैंप घंटाघर रोड की तरफ बनेगा।
तीन साल में होगा निर्माण
1700 मीटर लंबे इस पुल की निर्माण लागत 320.60 करोड़ रुपये है। निर्माण अवधि तीन साल है। 29 अप्रैल को शासन में अनु सचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव ने जरीबचौकी रेलवे ओवर ब्रिज और उपरिगामी सेतु के निर्माण के लिए शासनादेश जारी किया।
कागजी कार्रवाई कर कराए जाएंगे टेंडर
पांच दिन पहले प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने इस बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण के प्रस्ताव पर मुहर लगाई थी। एक महीने पहले प्रदेश की व्यय वित्त समिति भी इस पुल के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर चुकी है। सेतु निगम के अधिकारियों ने बताया कि एक महीने में कागजी कार्रवाई कर टेंडर कराए जाएंगे। इसके बाद निर्माण शुरू होगा।