कानपुर: सर्राफा कारोबारी के घर 76 लाख की चोरी, लॉकर खोलकर 30 किलो चांदी और नकदी पार, सीसीटीवी में कैद संदिग्ध
Kanpur News: फीलखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत चटाई मोहाल में सर्राफा कारोबारी अभय कुमार सिंह के घर से चोरों ने अलमारी का लॉकर खोलकर 30 किलो चांदी और 75 हजार रुपये नकद पार कर दिए। वारदात के समय घर के पास एक संदिग्ध युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
विस्तार
कानपुर में फीलखाना थाना क्षेत्र के चटाई मोहाल में सर्राफा कारोबारी अभय कुमार सिंह के घर से चोर करीब 75 लाख रुपये कीमत की 30 किलो चांदी और 75 हजार रुपये नकद, यानी करीब 76 लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। चोरों ने घर के ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरे में रखी अलमारी का लॉकर खोलकर वारदात को अंजाम दिया। कारोबारी के मुताबिक, वारदात के दौरान घर के पास एक संदिग्ध युवक भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान में जुटी है। अभय कुमार सिंह की चौक सराफा में प्रियंका ज्वेलर्स के नाम से फर्म है। कारोबारी के अनुसार, वह 12 सितंबर से फर्म से 10-10 किलो चांदी के तीन पैकेट तौलकर घर ला रहे थे। तीनों पैकेट ग्राउंड फ्लोर के कमरे में रखी अलमारी के लॉकर में रखे थे। लॉकर में 75 हजार रुपये नकद भी रखे थे।
डायल-112 पर तत्काल सूचना दी
शुक्रवार रात चांदी निकालने के लिए कारोबारी कमरे में पहुंचे,तो अलमारी खुली मिली। लॉकर भी खुला पड़ा था। अंदर रखे चांदी के तीनों पैकेट और नकदी गायब थी। करीब 30 किलो चांदी और 75 हजार रुपये गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पिता किशोर सिंह और मां सुशीला को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई।
सीसीटीवी में भी एक युवक घर के पास कैद हुआ
सूचना पर फीलखाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। कारोबारी ने बताया कि वारदात के दौरान घर के पास एक संदिग्ध युवक बैठा दिखाई दिया था। सीसीटीवी फुटेज में भी एक युवक घर के पास कैद हुआ है। कारोबारी ने इसी युवक पर संदेह जताया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध युवक की पहचान और घर में रखी चांदी की जानकारी रखने वाले लोगों के बारे में भी पड़ताल कर रही है।