कन्नौज सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, तीन की मौत और एक गंभीर घायल, फरार चालक की तलाश जारी
Kannauj Accident News: इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की भीषण टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा है।
विस्तार
कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के अगौस गांव निवासी आशीष (24) अपने बड़े भाई मनीष (28) और गांव के ही वेद प्रकाश (50) व विजय (35) के साथ सोमवार देर रात एक ही बाइक से कचाटीपुर गांव स्थित प्लाट से घर लौट रहे थे। जैसे ही बाइक सवार इंदरगढ़-तिर्वा मार्ग पर कचाटीपुर गांव के पास पहुंचे।
घायल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती
तभी तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार विजय, वेद प्रकाश और मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
यहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस फरार कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से अगौस गांव में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि कार को तलाश किया जा रहा है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।