बदनामी का डर: हॉस्टल में आपत्तिजनक हालत में मिली थी छात्रा, दुपट्टे से फंदा लगाकर किया आत्महत्या का प्रयास
अजगैन कोतवाली क्षेत्र में एक छात्रा हॉस्टल में सहपाठी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गई थी। इसके बाद बदनामी के डर से उसने आत्महत्या का प्रयास किया। हॉस्टल स्टॉफ ने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया।
विस्तार
उन्नाव जिले में अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चमरौली स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में प्रशिक्षु छात्रा सहपाठी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखी गई। बदनामी से आहत होकर वह खुदकुशी के इरादे से दुपट्टे के फंदे से लटक गई। गनीमत रही कि छात्रों और स्टॉफ ने उसे नीचे उतार लिया।
जिला अस्पताल से उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने युवक को कोतवाली में बैठाया है। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में कानपुर देहात निवासी छात्रा ने दस्तावेज कार्यकारी (डाक्यूमेंट एग्जीक्यूटिव) का तीन महीने का कोर्स किया था।
कोर्स दो जनवरी को पूरा होने पर वह घर चली गई थी। वह नौकरी की तलाश में थी। कॉलेज प्रशासन ने कॉलेज में कंपनियों के आने की जानकारी दी, तो वह चार दिन पहले हॉस्टल पहुंच गई। छात्र और छात्राओं को अलग-अलग हॉस्टल में रोका गया था।
कमरे में आपत्तिजनक हालत में मिले थे दोनों
सोमवार को हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर कमरा नंबर 207 में छात्रा एक छात्र के साथ आपत्तिजनक हालत में देखी गई। कॉलेज के स्टॉफ ने दोनों को फटकार लगाई और परिजनों को जानकारी देने की बात कही। बदनामी के डर से छात्रा हॉस्टल के कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर लटक गई।
पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
हालांकि हॉस्टलकर्मियों ने उसे समय रहते देख लिया और छात्रों की मदद से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे परिजन छात्रा को कानपुर हैलट ले गए। अजगैन कोतवाली प्रभारी वीके मिश्र ने बताया कि छात्र के कोतवाली लाया गया है, तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।