आकांक्षा से बनी फातिमा: धर्मांतरण के आरोपी मौलाना समेत चार गिरफ्तार, 12वीं फेल अनीस बताता था इस्लाम के फायदे
Hamirpur News: बिवांर थाना क्षेत्र के छानी बुजुर्ग गांव में एक किराए के मकान में परिवार समेत रह रही महिला का धर्मांतरण कर निकाह करा दिया गया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर जिले में बिवांर थाना क्षेत्र के छानी गांव में किराए के मकान में रह रही महिला को बहला-फुसला धर्मांतरण करा निकाह करने के मामले में मौलाना समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया में खबर धर्मांतरण व निकाह का वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रकाश में आया था।
पुलिस ने रविवार को महिला व उसे ले जाने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया था। पूर्व में दर्ज अपहरण व धमकाने के मामले में छेड़खानी व धर्मांतरण की धाराएं बढ़ाई गईं है। बीते छह दिसंबर 2023 को मुस्करा क्षेत्र के मसगांव गांव निवासी मनीष गुप्ता ने थाने में पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया।
वहीं बीते दिनों उसकी पत्नी का धर्मांतरण करा मुस्लिम युवक अनीस निवासी भुजपुर थाना ललपुरा से निकाह कराने का वीडियो वायरल हुआ। वहीं पीड़ित ने पुलिस पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। मामला प्रकाश में आने के बाद रविवार को पुलिस ने महिला व मुस्लिम युवक अनीस को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी मौलाना समेत चार गिरफ्तार
सोमवार को पुलिस ने मुस्करा के बसवारी गांव के पास से धर्मांतरण के आरोपी मौलाना मुस्ताक उर्फ मुस्तफा व अनीस के गांव भुजपुर से उसके पिता राजू खां, चाचा बशीर के अलावा उसके बहनोई कुरारा के बेरी गांव निवासी खलील को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस अन्य लोगों की भी जानकारी कर रही है।
छेड़खानी व धर्मांतरण की धाराएं बढ़ाई गईं है
थानाध्यक्ष राकेश सरोज ने बताया कि पूर्व में दर्ज मामले में छेड़खानी व धर्मांतरण की धाराएं बढ़ाई गईं है। जांच जारी है आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। महिला को वन स्टाप सेंटर भेजा गया है। बताया कि महिला ने अपना नाम फातिमा रख लिया है। उसका निकाह भी हुआ है, जिसका निकाहनामा भी सामने आया है।
12वीं फेल अनीस इस्लाम के फायदे बताता था
सीओ मौदहा श्रेयस त्रिपाठी ने बताया कि महिला ने इस्लाम कुबूल कर अपना नाम फातिमा रख लिया है। बताया कि निकाह में 7786 रुपये मेहर की रकम रखी गई थी। इसमें अनीस के चाचा बशीर और बहनोई खलील गवाह थे। महिला ने बताया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था, जिससे वह परेशान रहती थी। वहीं 12वीं फेल अनीस उसे इस्लाम में शामिल होने के फायदे बताता था कि इस्लाम कबूल कर लोगी तो तुम्हें नौकरी मिल जाएगी। तुम्हें दिल्ली ले चलेंगे, जहां तुम खुशहाल जिंदगी जी सकोगी। 27 नवंबर 2023 को निकाह किया था।