Kanpur News: डिप्टी सीएम बोले- कानपुर से हमारा पुराना लगाव है, हम सभी बुराइयों को भूलकर देश के लिए करें काम
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक सर्व ब्राह्मण आर्थिक उत्थान समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम सभी बुराइयों को भूलकर देश के लिए काम करें, तभी विकास पथ पर अग्रसर हो सकेंगे।
विस्तार
कानपुर से हमारा पुराना लगाव है। इस पद तक पहुंचाने में भी कानपुर के लोगों का ही बड़ा योगदान रहा है। हम सभी एक होकर अपने समाज को आगे बढ़ाएंगे। 2014 से पहले देश के हालात कुछ और थे, लेकिन आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरू कहा जाने लगा है। हम युवाओं से कहना चाहते हैं कि सभी बुराइयों को भूलकर देश और समाज के प्रति अच्छा कार्य करें। एक दूसरे की मदद से ही देश हमारा आगे बढ़ेगा।
यह बात रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने गुरुदेव स्थित होटल में आयोजित सर्व ब्राह्मण आर्थिक उत्थान समाज के कार्यक्रम के दौरान कहीं। इस दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्र के लोगों को सम्मानित भी किया। सर्व ब्राह्मण आर्थिक उत्थान समाज के कार्यक्रम द्वारा ब्राह्मण समाज के लोगों को एक साथ जोड़ने का आह्वाहन किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने सभी को एक साथ जुड़कर समाज के लोगों की सहायता करने की बात कही। धर्म का विरोध करने वालों के खिलाफ आवाज उठाने को कहा। वहीं पत्रकार वार्ता के दौरान जब उनसे मुलायम को आईएसआई का एजेंट कहने का बयान वायरल होने पर सवाल किया, तो उन्होनें कहा कि मुलायम सिंह सम्मानित व्यक्ति हैं। अगर उनके खिलाफ विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिंहा (तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष) इस तरह की बात कहते हैं, तो उनका बिल्कुल समर्थन नहीं करना चाहिए।
अगर परिवार का सदस्य भी उसमें शामिल हो तो उसे माफ नहीं करना चाहिए। हम सभी लोगों से अपील करना चाहते हैं कि द्रोपदी मुर्मू बहुत ही सरल और तेज महिला हैं। उन्हें अपना राष्ट्रपति के लिए वोट दें। वैक्सीनेशन के सवाल पर उन्होनें कहा कि पहले भी हम वैक्शीनेशन में एक नंबर पर रहे हैं। अब बूस्टर डोज का शुभारंभ हो चुका है। इसमें भी हम आगे रहेंगे और सभी से अपील है कि अपने-अपने क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर बूस्टर डोज जरूर लगवाएं।