Kanpur Murder: युवती की गला रेतकर नृशंस हत्या! जानवरों का चारा लगाते समय किया हमला, फरसे से किए कई वार
बिधनू थाना क्षेत्र में जानवरों को चारा कराने गई युवती की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका के पिता के अनुसार, गांवके ही युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है।
विस्तार
कानपुर में बिधनू थाना क्षेत्र में एक युवती की मंगलवार सुबह धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के रोने- बिलखने की आवाज सुनकर भीड़ लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि पुलिस ने बताया है कि प्रथम दृष्टया आशनाई का मामला लग रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के मिर्जापुर अटवा गांव में 21 वर्षीय युवती सीमा की गांव के ही तीन युवकों ने मिलकर धारदार हथियार से कई वार कर हत्या कर दी।
पिता कदम यादव के मुताबिक सुबह करीब सात बजे बेटी सीमा मवेशियों का चारा कर रही थी। इसी दौरान गांव का रणधीर यादव अपने दो साथियों के साथ मिलकर आया। उसने बेटी पर फरसे से कई वार कर हत्या कर दी। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पन्नालाल के घर में छिपा था रणधीर
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रणधीर गांव में ही पन्नालाल के घर में हुआ छिपा है। जानकारी पर आक्रोशित ग्रामीणों ने पन्नालाल का घर घेर लिया।
आक्रोशित ग्रामीणों से बचाकर आरोपी को ले गई पुलिस
पुलिस ने घर पहुंचकर कमरे के बाहर घेरा बनाकर आरोपी को सुरक्षित किया। आक्रोशित ग्रामीण पुलिस उच्चाधिकारियों के आने पर ही शव उठने की बात कह रहे हैं। वहीं, कड़ी सुरक्षा के बीच आक्रोशित ग्रामीणों से बचाकर आरोपी रणधीर को पुलिस ले गई है।
एक तरफा प्रेम करता था आरोपी
युवती की हत्या के मामले में पकड़े के आरोपी रणधीर ने बताया कि वो युवती से प्रेम करता था। परिजनों ने युवती की शादी कहीं और तय कर दी थी। इसी बात को लेकर तैश में आकर हत्या कर दी। बता दें कि आरोपी रणधीर गांव में दबंगई करता था। आपराधिक प्रवत्ति का है। उसे स्थानीय पुलिस चौकी का संरक्षण प्राप्त था।