अपने ही स्कूल के टेंपो से कुचलकर मासूम की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला ताल, एहवरनपुर के रहने वाले राजू का पांच साल का मासूम बेटा लव गांव के मदर टेरेसा स्कूल में पढ़ता था। मंगलवार को स्कूल का टेंपो छात्रों को लेकर स्कूल की ओर जा रहा था, तभी एक गड्ढे में टेंपो का पहिया फंस गया। ड्राइवर ने सभी बच्चों को टेंपो से उतार कर टेंपो को बैक गीयर में डालकर गड्ढे से निकालने की कोशिश की।
इधर लव टेंपो के पीछे खड़ा था। कुछ छात्रों की नजर जब मासूम लव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर ड्राइवर को चेताने का प्रयास किया, लेकिन ड्राइवर ईयर फोन लगाकर गाने सुनने में मशगूल था। जैसे ही ड्राइवर ने टेंपो को पीछे धकेला, वैसे ही लव पहिये की चपेट में आ गया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होने पर ड्राइवर के होश उड़ गए और भाग खड़ा हुआ। बच्चे की मौत की खबर गांव में तेजी से फैल गई। मौके पर और ग्रामीण इकट्ठा होना शुरू हो गए। उन्होंने टेंपो में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस बीच हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आरोपी ड्राइवर के विरुद्ध ठोस कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण शांत हुए। इंस्पेक्टर हाथरस गेट रजनेश तिवारी के मुताबिक लव के ताऊ पप्पू की शिकायत पर आरोपी ड्राइवर ओमवीर उर्फ राज पुत्र ताराचंद्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बच्चे के गांव का ही रहने वाला है। उसकी तलाश की जा रही है।