नकली खाद का खेल: ब्रांडेड बोरियों में भरते थे मिट्टी-नमक, वसूलते थे पूरी कीमत, चार जिलों तक हो रही थी सप्लाई
Kanpur News: मकसूदाबाद में रनियां पुलिस द्वारा 150 बोरी नकली डीएपी पकड़े जाने के बाद कृषि विभाग की टीम ने एक गोदाम पर छापा मारकर नकली खाद बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। यहां गेरू, नमक और मिट्टी मिलाकर ब्रांडेड कंपनियों की पैकिंग में डीएपी, पोटाश, जिंक व सल्फर तैयार कर चार जिलों के किसानों को बेचा जा रहा था।
विस्तार
कानपुर के मकसूदाबाद में नकली खाद का बड़ा खेल पकड़ा गया। गेरू, नमक और मिट्टी मिलाकर पोटाश और ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली डीएपी, जिंक और सल्फर की पैकिंग की जा रही थी। रविवार देर रात रनियां पुलिस ने दुकान पर भेजी जा रही 150 बोरी नकली डीएपी पकड़ी। इसके बाद पुलिस की सूचना पर कृषि विभाग की टीम ने सोमवार को गोदाम पर छापा मारा।
गोदाम को सील कर दिया गया। पुलिस की सूचना पर अपर जिला कृषि अधिकारी शिवम, कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह और वरिष्ठ सहायक मनोज चौहान मौके पर पहुंचे। लोडर में खाद कर रहे दो मजदूर भाग निकले। गोदाम की तलाशी में नकली खाद तैयार करने की पूरी सामग्री मिली। इसमें गेरू, नमक और मिट्टी मिलाकर पोटाश तैयार किया जा रहा था।
एक हजार खाली डीएपी की बोरियां बरामद
इसे आईपीएल के नाम वाली बोरियों में भरकर बाजार में भेजा जा रहा था। वहीं, पीपीएल कंपनी के नाम पर तैयार करीब 40 बोरी डीएपी भी मिली। गोदाम में लगभग एक हजार खाली डीएपी की बोरियां बरामद हुईं। दयाल जिंक के 125 खाली पैकेट और 14 बोरियों में जिंक भी मिली। नकली खाद की पैकिंग के लिए बाकायदा एक पैकेजिंग सिस्टम लगा हुआ था।
नहीं दिखा सका किराये का कोई एग्रीमेंट
सम्राट नाम के सल्फर के 700 पैकेट और तलवार नाम के जिंक के दो हजार खाली पैकेट भी मिले। मकान मालिक रोहित कुमार ने अधिकारियों को बताया कि उसने गोदाम घनश्याम नाम के व्यक्ति को किराये पर दिया था। हालांकि, वह किराये का कोई एग्रीमेंट नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने गोदाम को सील कर दिया और अधिकारियों ने रोहित कुमार के खिलाफ बिठूर थाने में तहरीर दी है।
चार जिलों तक पहुंच रहा था माल
जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह ने बताया कि गोदाम में नकली खाद बनाने का काम जुलाई से चल रहा था। यहां तैयार नकली खाद की आपूर्ति उन्नाव, कानपुर देहात, कन्नौज और औरैया जिलों में की जा रही थी। किसानों को ब्रांडेड खाद के निर्धारित बाजार भाव पर ही यह नकली माल बेचा जा रहा था। इस तरह किसानों से पूरी कीमत वसूली जा रही थी, जबकि उन्हें खाद के नाम पर गेरू और मिट्टी का मिश्रण दिया जा रहा था।
नकली खाद पकड़े जाने के बाद मामले की जानकारी हुई थी। टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो जिंक, सल्फर और डीएपी तैयार होते मिले। मकान मालिक के खिलाफ बिठूर थाने में तहरीर दी है। सैंपल जांच को लैब भेजे गए हैं। -अरुणेश प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी
