फैक्ट्री की जगह पर कब्जे के खिलाफ प्रदर्शन
हसायन। क्षेत्र के गांव बरवाना में कुंडा मार्ग स्थित बंबा के किनारे बनी इत्र फैक्ट्री का कुछ लोगों द्वारा फर्जी बैनामा कराने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के मुताबिक फैक्ट्री करीब ढाई सौ साल पुरानी है और इसके परिसर में इबादतगाह भी है, जहां हर शुक्रवार और मंगलवार को लोग इबादत करने भी जाते हैं। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस फैक्ट्री की जगह को खेत बताकर इसका बैनामा करा लिया है।
इसकी जानकारी गुरुवार को जब कुछ ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने ग्राम प्रधान विमलेश देवी के पति ठा.रवेंद्र पाल सिंह को पूरा मामला बताया। प्रधान पति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांव में इस जगह का बैनामा कराने वालों के खिलाफ नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से इस जमीन का बैनामा कराया गया है।
ग्रामीणों ने डीएम से इस मामले की जांच कराते हुए बैनामे को खारिज कराने और जालसाजी में लिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में शरीफा अख्तर अली, अनवार अली, सुलेमान, अनीसा बेगम, नफीसा बेगम, फिरोज, रवेंद्र सिह, अमित कुमार, वीरपाल, भगवान सिंह आदि अनेक ग्रामीण शामिल थे।