Twisha Sharma: एक्ट्रेस त्विसा के लिए कैंडल जलाकर न्याय की मांग, परिजन का दावा आत्महत्या नहीं, हत्या हुई
पिता का आरोप है कि वहां का पुलिस प्रशासन व यहां तक कि न्यायिक व्यवस्था आरोपियों के पक्ष है, जिस कारण बाहर से ही जमानत मिल रही है। त्विसा का शव अभी भी भोपाल एम्स में रखा हुआ है। मांग पूरी होने के बाद ही परिजन अंतिम संस्कार की बात कह रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाथरस की बेटी व मॉडल सह अभिनेत्री त्विसा शर्मा की भोपाल में हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद न्याय की मांग तेज हो गई है। सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक त्विसा के लिए न्याय की मुहिम छिड़ गई है।
मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रहा है, जबकि त्विसा की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है। इस मामले में मृतका के पति और रिटायर्ड जज सास के खिलाफ दहेज हत्या का रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
मिस पुणे से लेकर फिल्मों तक का सफर
त्विसा शर्मा के फूफा मनोज शर्मा निवासी गणेश सिटी ने बताया कि त्विसा की स्कूलिंग हाथरस से ही हुई है। सेंट फ्रांसिस से इंटर करने के बाद वह पुणे चली गईं थीं। परिवार नोएडा शिफ्ट हो गया था। त्विसा ने वर्ष 2012 में मिस पुणे का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद उन्होंने ग्लैमर जगत में कदम रखा और दो तेलुगु फिल्मों सहित कई बड़े ब्यूटी ब्रांड्स के विज्ञापनों में भी काम किया। शादी से पहले वे एक एमएनसी कंपनी में बतौर प्रबंधक भी काम कर रही थीं। मनोज शर्मा का कहना है कि उनकी भतीजी साहसिक थी। वह इतनी कमजोर नहीं थी कि महज पांच महीने में ही आत्महत्या कर ले, जबकि 15 मई को दिल्ली आने के लिए उसने टिकट कराया था।
परिजन व रिश्तेदारों ने कैंडल जलाकर न्याय की मांग की
12 मई की रात भोपाल में त्विसा का शव मिलने के बाद से ही परिवार बदहवास है। बेटी को न्याय दिलाने के लिए वे लगातार पुलिस प्रशासन व न्यायिक व्यवस्था से जूझ रहे हैं। इधर धीरे-धीरे यह मामला सोशल मीडिया पर भी तूल पकड़ रहा है। हैशटैग त्विसा शर्मा, भोपाल, नोएडा व जस्टिस जैसे शब्दों के साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम व एक्स पर पोस्ट डाली जा रही हैं। कई यूट्यूब चैनल पर भी न्याय की मांग हो रही है। इधर, रविवार की शाम हाथरस में परिजन व रिश्तेदारों ने आगरा रोड स्थित भगत सिंह पार्क से कैंडल जलाकर व जस्टिस फॉर त्विसा शर्मा के नाम से बैनर लगाकर मार्च निकाला तथा न्याय की मांग की।
आरोपी पति की जमानत पर सुनवाई 18 मई को
त्विसा के पिता नवनिधि शर्मा की तहरीर पर भोपाल पुलिस ने कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज की गई है। त्विसा की सास गिरीबाला सिंह व पति समर्थ सिंह के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। फूफा मनोज शर्मा ने बताया कि आरोपी सास को बाहर से ही बेल मिल गई है, जबकि पति की जमानत पर न्यायालय में 18 मई की तिथि लगी है। नवनिधि शर्मा व उनका परिवार भोपाल में रहकर बेटी के लिए न्यायिक लड़ाई लड़ रहा है।
सीएम आवास पर दिया धरना
भोपाला में मध्यप्रदेश सीएम के आवास पर नवनिधि शर्मा ने परिवार के साथ धरना दिया है। परिवार की मांग है कि बेटी के शव का पोस्टमार्टम फिर से दिल्ली एम्स में कराया जाए। इस केस को दिल्ली हाईकोर्ट ट्रांसफर कराया जाए।
पिता का आरोप है कि वहां का पुलिस प्रशासन व यहां तक कि न्यायिक व्यवस्था आरोपियों के पक्ष है, जिस कारण बाहर से ही जमानत मिल रही है। त्विसा का शव अभी भी भोपाल एम्स में रखा हुआ है। मांग पूरी होने के बाद ही परिजन अंतिम संस्कार की बात कह रहे हैं। बता दें कि नवनिधि हाथरस के प्रख्यात ज्योतिषाचार्य पंडित जगन्नाथ मिश्र के पौत्र हैं। उनके पिता वाचस्पति शर्मा, मां व अन्य भाई बिछुआ गली में ही रह रहे हैं।