पालिकाध्यक्ष ने अवर अभियंता को कार्यमुक्त कर कार्यालय पर जड़ा ताला
पिलखुवा। पालिकाध्यक्ष गीता गोयल ने सोमवार को निर्माण विभाग के अवर अभियंता गिरीश कुमार को कार्यमुक्त कर, कार्यालय पर ताला लगा दिया है। पालिकाध्यक्ष का कहना है कि अवर अभियंता को भ्रष्टाचार के अलावा विभिन्न शिकायतों और कार्य में लापरवाही बरतने के चलते कार्यमुक्त किया गया है।
अवर अभियंता नगर पालिका परिषद पिलखुवा के निर्माण विभाग में पिछले पांच साल से तैनात थे। वह अपने कारनामों को लेकर हमेशा सुर्खियों में बने रहते थे। करीब दो साल पूर्व एंटी करप्शन मेरठ की टीम ने एक पालिका कर्मी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था, जिसके बाद टीम द्वारा पिलखुवा थाने में अवर अभियंता समेत तीन कर्मियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पालिकाध्यक्ष गीता गोयल ने बताया कि अवर अभियंता गिरीश कुमार को कार्य में लापरवाही बरतने, भ्रष्टाचार समेत अनेक शिकायतों के चलते कार्यमुक्त किया गया है। अवर अभियंता को पालिका में पांच वर्ष हो गए हैं, वह भी अन्य जगह स्थानांतरण कराना चाहते हैं। इसके लिए वह शासन में लिखकर दे चुकें है। उन्होंने बताया कि अभिलेखों के साथ किसी प्रकार की कोई छेड़छाड़ न करें, इसके चलते कार्यालय पर ताला लगाया गया है।