{"_id":"6696adeb2ec2583cee0cb90a","slug":"announcement-of-by-elections-on-184-posts-of-panchayats-gonda-news-c-100-1-slko1029-120347-2024-07-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gonda News: पंचायतों के 184 पदों पर उपचुनाव की घोषणा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gonda News: पंचायतों के 184 पदों पर उपचुनाव की घोषणा
Tue, 16 Jul 2024 10:59 PM IST
लखनऊ ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
Updated Tue, 16 Jul 2024 10:59 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए तिथियों की घोषणा हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर चुनाव कराने के लिए अधिकारियों की तैनाती कर दी है। रिक्त पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया में 22 जुलाई को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन होगा। मतदान छह अगस्त को और मतगणना आठ अगस्त को होगी।
जिले में 184 पदों के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होनी है। जिसमें 12 प्रधान, पांच क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी), एक जिला पंचायत सदस्य और 166 ग्राम पंचायत सदस्य के पद शामिल हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार 22 जुलाई को नामांकन के बाद 23 जुलाई को सुबह 11 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 24 जुलाई को सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन अपराह्न तीन बजे से कार्य समाप्ति तक प्रत्याशियों को प्रतीक चिह्न का आवंटन होगा। छह अगस्त को सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान और आठ अगस्त को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।
विज्ञापन
परसपुर चतुर्थ सीट से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य विनय शंकर दुबे उर्फ विन्नू के निधन से पद रिक्त था। इस पद के लिए भी उपचुनाव होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को चुनाव की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
छह ग्राम प्रधानों का पूरा हुआ कार्यकाल
12 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए उपचुनाव होगा। इनमें से छह पंचायतों के प्रधानों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इनमें तरबगंज ब्लाॅक के खानपुर व सरावां, नवाबगंज ब्लाॅक के जलालपुर, वजीरगंज ब्लाॅक के मोहनपुर, सहिबापुर व बल्लीपुर शामिल हैं। दरअसल साल 2005 के पंचायत चुनाव में इन पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन हुआ था, जिसका विवाद हाईकोर्ट तक पहुंचा था। जिस पर निर्वाचन पर फैसला दो साल बाद हो सका था, तभी से इन पंचायतों के चुनाव का कार्यकाल बढ़ गया। ऐसे में इन पंचायतों का चुनाव साल 2021 में हुए चुनाव में साथ नहीं हो सका था। इससे अब उपचुनाव के साथ ही इन पंचायतों का चुनाव हो रहा है। इसके अलावा प्रधान के निधन से रिक्त छह पंचायतों में भी प्रधान पद के लिए निर्वाचन होना है। जिसमें इटियाथोक के सीरबनकट, तरबगंज के शीशव, बभनजोत ब्लाॅक के पिपराबाराखां, खम्हरिया, रुपईडीह ब्लाॅक के पिपरा चौबे व कुरसहा ग्राम पंचायत हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए मुजेहना के उज्जैनी कला, पंड़रीकृपाल के दत्तनगर विसेन, मनकापुर के राजापुर, इटियाथोक के लक्ष्मनपुर लालनगर और वजीरगंज के बभनी में उपचुनाव होगा।
चुनाव कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी नामित
पंचायत उपचुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी नामित किए गए हैं। डीएम ने मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश को जिला पंचायत सदस्य चतुर्थ का निर्वाचन अधिकारी नामित किया है। इसके लिए नामांकन कलेक्ट्रेट स्थित सीआरओ कोर्ट में होगा। इसके अलावा ब्लाॅकवार निर्वाचन अधिकारी नामित किए गए हैं। जिसमें परसपुर में सहायक चकबंदी अधिकारी जितेंद्र वर्मा, करनैलगंज में सहायक चकबंदी अधिकारी प्रीतम वर्मा, कटरा बाजार में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, हलधरमऊ में सहायक अभियंता आरईडी वीरेंद्र पाठक, मुजेहना में जिला उद्यान अधिकारी पारसनाथ, पंडरीकृपाल में उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी शिवशंकर चौधरी, झंझरी में सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रिंस कुमार मल्ल, इटियाथोक में जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य और रुपईडीह में जिला प्रोबेशन अधिकारी संताेष सोनी को निर्वाचन अधिकारी नामित किया गया है। इसी तरह तरबगंज में उपनिदेशक रेशम आरएन मल्ल, नवाबगंज में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, बेलसर में सहायक चकबंदी अधिकारी अखिलेश पांडेय, वजीरगंज में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अरुण सिंह, बभनजोत में एआर कोऑपरेटिव अशोक कुमार, मनकापुर में जिला गन्ना अधिकारी सुनील सिंह, छपिया में भूमि संरक्षण अधिकारी पारसनाथ को निर्वाचन अधिकारी नामित किया गया है।