Ghazipur News: किसानों को खाद- बीज के साथ मिलेंगी सस्ती दवाएं, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी कई सुविधाएं
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में किसानों को खाद- बीज के साथ सस्ती दर पर दवाएं भी मिलेंगी। इससे किसानों को काफी सहूलियत होगी। जिले के 10 साधन सहकारी समितियों पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे।
विस्तार
गाजीपुर जनपद के किसानों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें साधन सहकारी समितियों के माध्यम से खाद, बीज, ऋण समेत सस्ती दर पर विभिन्न प्रकार की बीमारियों की दवाएं मिलेंगी। एक ही प्लेटफॉर्म पर इतनी सारी सुविधाएं मिलने से किसानों को सहूलियत मिलेगी।
जिले में कुल 182 साधन सहकारी समितियां हैं। इनसे 5.71 लाख किसान जुड़े हुए हैं। साधन सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को अब तक खाद, बीज और ऋण की सुविधा मिलती रही है। अब सहकारी विभाग ने निर्णय लिया है कि साधन सहकारी समितियों पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का संचालन होगा। इससे किसानों को सस्ती दर पर दवाएं मिल सकेंगी।
वहीं सहकारिता विभाग की ओर से प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र संचालन को लेकर 10 साधन सहकारी समितियों का चयन किया गया है। इनका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। अब शासन से मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही इन सभी साधन सहकारी समितियों पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
इन साधन सहकारी समितियों का किया गया है चुनाव
ब्लॉक साधन सहकारी समिति
मुहम्मदाबाद तिवारीपुर
कासिमाबाद महेशपुर
देवकली बासूपुर
देवकली देवचंदपुर
सादात परसनी
बिरनो क्रय-विक्रय केंद्र जंगीपुर
जखनिया जखनिया
जखनिया जलालाबाद
सदर महराजगंज
सैदपुर सैदपुर
क्या बोले अधिकारी
जनपद की 10 साधन सहकारी समितियों पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का संचालन किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को सस्ते दर पर दवाएं मिलेंगी। समितियों का चुनाव कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। -अंसल कुमार, एआर को-ऑपरेटिव