एटा। विधानसभा चुनाव 2022 की रणनीति बनाने के लिए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा निर्देश मिलने के बाद एटा और कासगंज जिले के पदाधिकारी एटा में ही शिविर कार्यालय बनाकर रणनीतिय तय करेंगे। रविवार को दोनों जिले के पदाधिकारियों ने बैठक कर आगामी दिनों में शिविर कार्यालय पर बैठने का निर्णय लिया है।
सपा जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी ने बताया कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश में तय किया गया है शिविर कार्यालय बनाकर एटा में ही दोनों जिलाध्यक्ष, पार्टी पदाकारियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां करेंगे। रविवार को कासगंज जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव के साथ पार्टी पदाधिकारियों के संग बैठक की गई। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से जारी दिशा निर्देशों पर अमल किया गया। दोनों जिलों में सात विधानसभा क्षेत्र हैं, सातों क्षेत्रों की रणनीति एटा में ही बनाई जाएगी। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह, पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव, पूर्व विधायक अमित यादव टीटू, पूर्व विधायक रणजीत सुमन, पूर्व विधायक हसरत उल्लाह शेरवानी, पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, जिला महासचिव भूपेंद्र प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष रंजीत सिंह यादव आदि मौजूद रहे।