Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken

क्रिकेट का नया तूफान वैभव सूर्यवंशी: कम उम्र में रचा इतिहास, जानें उनके करियर के 12 सबसे बड़े और अनोखे रिकॉर्ड

Wed, 25 Nov 2026 08:03 AM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Wed, 25 Nov 2026 08:03 AM IST
सार

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली है। सबसे तेज शतक और दोहरा शतक लगाने से लेकर टी20 में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने तक, उनके नाम कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। आईपीएल, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा बना दिया है।

विज्ञापन
Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : IANS

विस्तार

भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में ऐसे कारनामे कर दिखाए हैं, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल है। लिस्ट ए क्रिकेट से लेकर आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हो चुके हैं। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने कई दिग्गज खिलाड़ियों के रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रचा है। आइए जानते हैं वैभव सूर्यवंशी के करियर में अब तक कौन-कौन से बड़े रिकॉर्ड दर्ज हुए हैं।
विज्ञापन


भारतीय क्रिकेट को इन दिनों एक ऐसा युवा सितारा मिला है, जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली है। उनकी बल्लेबाजी में न सिर्फ आक्रामकता नजर आती है, बल्कि बड़े से बड़े रिकॉर्ड को ध्वस्त करने की क्षमता भी दिखाई देती है। जनवरी 2024 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू करने वाले वैभव ने उसी साल सीनियर घरेलू क्रिकेट के व्हाइट बॉल फॉर्मेट में भी कदम रखा। इसके बाद आईपीएल में उनके बल्ले ने जमकर धमाल मचाया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ी। वैभव ने अब तक सबसे तेज शतक, दोहरा शतक, टी20 में सबसे कम गेंदों पर 1000 रन और एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने जैसे कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। आइए एक-एक करके उनके इन ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन
Trending Videos

Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
1. लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और दोहरा शतक
वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ अपनी तूफानी बल्लेबाजी से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। उन्होंने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जबकि 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ दिया। वैभव 53 गेंदों में 204 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 28 छक्के और सात चौके शामिल रहे। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 250 रन का लक्ष्य महज 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। इस पारी के साथ ही वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, शतक, 150 रन और दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
विज्ञापन

Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
2. पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे युवा कप्तान
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि कप्तानी में भी इतिहास रच दिया। 15 साल और 232 दिन की उम्र में वह पुरुष टी20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान बन गए। उन्होंने 2026-27 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर उतरते ही उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम था। उन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी।
विज्ञापन

Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : अमर उजाला
3. पुरुष टी20 और आईपीएल में सबसे युवा अर्धशतकवीर और शतकवीर
आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि कई बड़े रिकॉर्ड टूट गए। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने महज 17 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में अपना शतक भी जड़ दिया। यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक था। इस उपलब्धि के साथ 14 साल और 32 दिन की उम्र में वैभव पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक और शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। वह आईपीएल में भी सबसे कम उम्र में अर्धशतक और शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
4. लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र के शतकवीर
वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में भी अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ बिहार की ओर से खेलते हुए उन्होंने महज 84 गेंदों में 190 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वहीं 59 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा छू लिया। यह पुरुष लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी था। 14 साल और 272 दिन की उम्र में शतक लगाकर वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मुकाबले में बिहार ने छह विकेट के नुकसान पर 574 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : IANS
5. टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत उनका लंबे-लंबे छक्के लगाने का अंदाज है। महज 15 साल की उम्र में वह टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक छक्का लगाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 100 छक्के पूरे करने के लिए सिर्फ 29 पारियां और 514 गेंदें खेलीं। इस तरह वह सबसे कम गेंदों और सबसे कम पारियों में 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। पारियों के मामले में ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह 33 पारियों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं गेंदों के मामले में बेल्जियम के साबेर जाखिल ने 699 गेंदों में 100 छक्के लगाए थे।

Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : ANI
6. लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक
वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर में एक और बड़ा रिकॉर्ड तब बनाया, जब उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में महज 11 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। जून 2026 में भारत ए और श्रीलंका ए के बीच ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव ने 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह किसी लिस्ट ए मुकाबले में सबसे तेज अर्धशतक था। इसके साथ ही उन्होंने 21 साल पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। खास बात यह रही कि यह पारी भारत ए के लिए खेलते हुए एक अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर उनकी आखिरी पारी थी।

7. टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर बोला। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने महज 37 गेंदों में 103 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने अपने टी20 करियर के 1000 रन भी पूरे कर लिए। खास बात यह रही कि वैभव ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ 473 गेंदों का सामना किया। इस तरह वह टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मिचेल ओवेन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 533 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा वैभव टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज भी बने। उनसे पहले किसी भी खिलाड़ी ने 18 साल की उम्र से पहले यह उपलब्धि हासिल नहीं की थी।

Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : ANI
8. आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड
टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने के बाद वैभव ने आईपीएल में भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-2 मुकाबले में उन्होंने 47 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली। इसी दौरान उन्होंने आईपीएल में अपने 1000 रन पूरे कर लिए। वैभव ने यह उपलब्धि हासिल करने के लिए सिर्फ 440 गेंदें खेलीं। इससे पहले आईपीएल में सबसे कम गेंदों में 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम था। उन्होंने 545 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था।

9. एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में छक्कों की ऐसी बरसात की कि क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड भी टूट गया। उन्होंने पूरे सीजन में 327 गेंदों का सामना करते हुए 72 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह किसी एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम था। गेल ने आईपीएल 2012 में 456 गेंदों का सामना करते हुए 59 छक्के लगाए थे। वैभव ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप भी अपने नाम की।

10. पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में धमाल मचाने के बाद वैभव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी छाप छोड़ी। इंग्लैंड दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शुरुआत अच्छी नहीं रहने के बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार वापसी की। इस दौरान उन्होंने महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। 15 साल और 118 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर वैभव पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।

Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : IANS
11. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव ने सिर्फ अर्धशतक ही नहीं लगाया, बल्कि अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने 49 गेंदों में 81 रन की पारी खेली। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 15 साल और 121 दिन की उम्र में यह पुरस्कार जीतकर वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बने। इस सूची में पहले स्थान पर सिएरा लियोन के अलुसिने तुरे हैं। उन्होंने दिसंबर 2022 में कैमरून के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर 20 गेंदों में 33 रन बनाने के अलावा दो विकेट भी लिए थे। उस समय उनकी उम्र 15 साल और 74 दिन थी।

Vaibhav Sooryavanshi: 12 Major Records the Indian Teenage Sensation Has Broken
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : IANS
12. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में अपने प्रदर्शन से एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। भारत ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी। इसमें वैभव ने तीन मुकाबलों में कुल 151 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 196.10 रहा। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। 15 साल और 121 दिन की उम्र में यह पुरस्कार जीतकर वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने वाले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा के नाम था, जिन्होंने 15 साल और 296 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज के नाम था, जिन्होंने 17 साल और 300 दिन की उम्र में यह पुरस्कार जीता था।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed