{"_id":"6b015931d38bbe71fa0743b1","slug":"first-wife-arrives-with-police-to-stop-husband-s-second-wedding-at-mass-marriage-event-in-etah-2026-11-21","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"सात फेरों से पहले दूल्हा गिरफ्तार: मांग भरते ही आ गई पुलिस, रो पड़ी दुल्हन; सामूहिक विवाह समारोह में मचा बवाल","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
सात फेरों से पहले दूल्हा गिरफ्तार: मांग भरते ही आ गई पुलिस, रो पड़ी दुल्हन; सामूहिक विवाह समारोह में मचा बवाल
Sat, 21 Nov 2026 02:11 PM IST
Dhirendra Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Sat, 21 Nov 2026 02:11 PM IST
सार
एटा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान पहली पत्नी पुलिस के साथ पहुंच गई और पति पर बिना तलाक दूसरी शादी करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शादी रुकवाकर युवक को हिरासत में ले लिया। पहली पत्नी ने सरकारी सामूहिक विवाह योजना का अनुचित लाभ लेने का आरोप भी लगाया है।
विज्ञापन
पुलिस हिरासत में दूल्हा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में हो रही शादी के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवक की पहली पत्नी मौके पर पहुंच गई। उसने बिना तलाक दूसरी शादी करने और सरकारी सामूहिक विवाह योजना का अनुचित लाभ लेने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवाई और युवक को हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
Trending Videos
जानकारी के अनुसार, मारहरा क्षेत्र के गांव मीरा सराय निवासी आकाश पुत्र राकेश की शादी 14 नवंबर 2021 को चमन नगरिया निवासी सोनी पुत्री रामशरन के साथ हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते बीते तीन वर्षों से दोनों के बीच मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सोनी को जानकारी मिली कि उसका पति सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दूसरी शादी कर रहा है। इस पर वह मौके पर पहुंच गई। सोनी का आरोप है कि बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने के साथ ही युवक सरकारी योजना का अनुचित लाभ उठाने का प्रयास कर रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
वहीं, सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अपनी बेटी की शादी कराने पहुंचे नगला हमीर निवासी कमल सिंह ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन आवेदन सहित सभी औपचारिकताएं पूरी की थीं। कार्यक्रम में युवक और युवती के बैठने के बाद शादी की रस्में शुरू हुईं। इसी दौरान युवक ने युवती की मांग भर दी। तभी पहली पत्नी के पहुंचने और पुलिस को सूचना देने पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
कमल सिंह के अनुसार, उन्हें युवक के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी नहीं थी। करीब पांच साल पहले भी दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय करने की बात चली थी, लेकिन दहेज की मांग के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
