{"_id":"49f4a2ce3cdab5203f13e9f2a7c4c8c1","slug":"villagers-protest-for-adhar-card-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"आधार कार्ड बनवाने को हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आधार कार्ड बनवाने को हंगामा
ब्यूरो/अमर उजाला चित्रकूट
Updated Wed, 18 Mar 2015 11:00 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ी ब्लाक में आधार कार्ड बनवाने को चक्कर लगा रहे ग्रामीणों का सब्र बुधवार को जवाब दे गया। उन्होंने ब्लाक परिसर में कर्मचारियों से हाथापाई की। खिड़की, दरवाजे और कुर्सियां तोड़ दीं। पहाड़ी कर्वी मार्ग पर जाम लगा दिया। थाना प्रभारी के समझाने और पुलिस कर्मियों द्वारा फार्म बांटने पर लोग शांत हुए।
विज्ञापन
सुप्रीम कोर्ट द्वारा आधार कार्ड को लेकर दिशा निर्देश जारी करने के बाद भी ग्रामीण इलाकों में इसके लिए मारामारी जारी है। बुधवार को पहाड़ी ब्लाक कार्यालय में सुबह से ही आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग आधार कार्ड बनवाने पहुंच गए। जब काफी देर तक आधार कार्ड संबंधी फार्मों के वितरण का काम शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हीलाहवाली की जा रही है।
विज्ञापन
कभी सर्वर न होने के नाम पर तो कभी किसी और वजह से उन्हें लौटा दिया जाता है। कंप्यूटर और स्टाफ की कमी की बात भी कही जा रही है। इससे परेशान ग्रामीणों ने सुबह लगभग 11 बजे पहाड़ी कर्वी मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद एसओ शैल कुमार सिंह और पुलिस बल ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। वे ग्रामीणों को ब्लाक परिसर ले गए। वहां बीडीओ श्रीकांत त्रिपाठी लगभग बारह बजे पहुंचे तो भीड़ फिर उग्र हो गई। ये देख बीडीओ अपने कमरे में चले गए और दरवाजा बंद कर लिया।
विज्ञापन
इस पर कुछ लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया और कमरे में घुस गए। कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। पत्थरबाजी की और खिड़की-कुर्सियां तोड़ दीं। इस दौरान बीडीओ एक कोने में खड़े रहे। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह लोगों को समझाया और एक हजार फार्म बांटे।
नोटिस चस्पा
ब्लाक परिसर में एक नोटिस भी चस्पा की गई, जिसमें यह बताया गया कि पहाड़ी में 23 मार्च तक के लिए आधार कार्ड फार्म वितरित कर दिए गए हैं। अब ग्रामीणों को ग्राम प्रधान और बीडीओ के माध्यम से आधार कार्ड बनाने की जानकारी दी जाएगी।
फार्म कर्वी से लाए गए
बीडीओ श्रीकांत त्रिपाठी ने इस बात को मानने से इंकार किया कि वह देरी से पहुंचे और इस वजह से भीड़ बेकाबू हो गई। उनका कहना था कि कर्वी से उनको फार्म लाने थे और इसी वजह से उनको कुछ देर लगी। हालांकि आधार कार्ड बनाने वाली संस्था के कर्मचारी का कहना था कि उसने मंगलवार को ही बीडीओ को फार्म दे दिए थे।