पीडीडीयू नगर। एसटीएफ वाराणसी की टीम ने बृहस्पतिवार की शाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सुभाष पार्क के पास से पांच सौ ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया। पुलिस ने बरामद हेरोइन की कीमत 50 लाख रुपये बताई। एसटीएफ के प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार तस्कर शारदा प्रजापति, गाजीपुर जिले के सुहवल थाना क्षेत्र के ढढ़नी भानमलराय का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि उसके गांव के हाफिज हाशमी और मनोज पाल उसके साथी हैं। बताया कि वह हाफिज हाशमी के साथ ट्रेन से दीमापुर (नगालैंड) गया था। वहां से दोनों बस से कानकोपी (मणिपुर) गए, जहां हाफिज उसे अपने एक मित्र के घर ले गया। इसके बाद हाफिज ने उसे एक बैग दिया और बताया कि इसमें हेरोइन है। उसने गाजीपुर जाकर मनोज को बैग देने का कहा। बताया कि हाफिज वहीं रुक गया और उसे गाजीपुर के लिए रवाना कर दिया। इसके बाद वह पीडीडीयू नगर पहुंचा। यहां से वाराणसी होते हुए वह गाजीपुर जाने वाला था। एसटीएफ के अनुसार शारदा पहले भी तीन बार हेरोइन की खेप ला चुका है। प्रति चक्कर उसे 40 हजार रुपये मिलते थे। एसटीएफ ने उसके पास से पांच सौ ग्राम हेरोइन के साथ एक मोबाइल फोन, 920 रुपये, एक वोटर आईडी कार्ड, एक एटीएम, मणिपुर सरकार की ओर से जारी इनर लाइन परमिट बरामद किया।