माहौल बिगाड़ने की कोशिश: युवक के चेहरे से मास्क हटाकर पीटा, युवतियाें के हिजाब हटवाकर बनाया वीडियो, किया वायरल
UP News : बिजनौर में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। युवकों ने बाइक सवार युवक के चेहरे से मास्क हटाकर उसे पीटा और फिर युवतियाें के हिजाब हटवाकर युवक के साथ वीडियो बनाया। जानिए पूरा मामला क्या है।
विस्तार
बिजनौर जनपद के शेरकोट क्षेत्र में पांच युवकों ने महौल बिगाड़ने का प्रयास किया। युवकों ने एक बाइक पर जा रहे युवक और दो युवतियों को रोक लिया। युवक का मास्क हटवाकर उसे पीटा। युवतियों के हिजाब हटवाकर उनका युवक के साथ वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक वर्ग के चार युवकों को गिरफ्तार कर चालान किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
मामला 20 मई का है। अफजलगढ़ थाने के गांव सलामतनगर निवासी बाइक सवार विनोद दो मुस्लिम युवतियों को गांव लेकर जा रहा था। आरोपियों ने उसे हाईवे पर रोक लिया था। उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की थी। मुंह पर लगे मास्क को हटा युवतियों के साथ वीडियो बनाकर वायरल किया था। पुलिस ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि अफजलगढ़ थाने के मोहल्ला जैनुलआबेदीन निवासी फैजल उर्फ फैजुल ने शेरकोट के मोहल्ला कायस्थान निवासी अल्तमस, मोहल्ला निकम्माशाह निवासी फरदीन, दिलशाद कॉलोनी निवासी अनस, बिट्ठू उर्फ आमिर व लड्डन चौक शेरकोट निवासी फरमान के साथ मिलकर 20 मई को टीम बनाई।
यह भी पढ़ें: मेरठ हिजाब प्रकरण : एसएसपी से मिले भाजपा नेता, तीन आरोपी हो चुके गिरफ्तार, सात को किया गया चिह्नित
आरोपियों ने योजना बनाई कि किसी भी रास्ते से यदि कोई हिंदू युवक मुस्लिम युवती के साथ मिलेगा तो उसे रोक कर पीटेंगे और वीडियो वायरल करेंगे। जिससे वीडियो उनके परिजनों तक पहुंच जाए। इस दौरान धामपुर से अफजलगढ़ की ओर जाते हुए एक युवक मिला। उसके मुंह पर मास्क लगा था और बाइक पर दो युवतियां सवार थीं। आरोपियों ने बाइक सवार को घोसियोवाला की पुलिया के निकट रोक लिया। उसके साथ गाली-गलाैज की और मास्क हटा उसका युवतियों के साथ वीडियो बनाकर वायरल किया।
घटना की जानकारी युवतियों और युवक के परिजनों को मिली तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने बुधवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि पांचवां आरोपी फैजल उर्फ फैजुल फरार है।
वहीं, पुलिस पांचवें आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है। घटना में प्रयुक्त की गईं तीन बाइकों को भी कब्जे में लिया है।
यह भी पढ़ें: UP: हिजाब खींचने के मामले में दो गिरफ्तार, खूब वायरल हो रहा मामला, भाजपा नेताओं का थाने में जमकर हंगामा
बोले परिजन- हमने खुद विनोद के साथ भेजी थीं बेटियां
युवतियों के परिजनाें ने बताया कि उन्होंने अफजलगढ़ थाने के गांव सलामतनगर निवासी विनोद के साथ अपनी बेटियाें को खुद भेजा था। विनोद की कोई गलती नहीं है। युवतियों ने भी आरोपियों का विरोध किया था। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।