UP: हिजाब खींचने के मामले में दो गिरफ्तार, खूब वायरल हो रहा मामला, भाजपा नेताओं का थाने में जमकर हंगामा
Meerut News : युवती का हिजाब खींचने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला खूब वायरल हो रहा है। उधर, भाजपा नेताओं ने सोमवार को थाने में जमकर हंगामा किया।
विस्तार
मेरठ में भगत सिंह मार्केट में युवक से मारपीट और उसके साथ खरीदारी करने गईं दो युवतियों का हिजाब खींचने के मामले में भाजपा नेता अंकित चौधरी के नेतृत्व में कार्यकताओं ने सोमवार को कोतवाली थाने में हंगामा किया। उन्होंने कहा कि दो दिन बीतने पर भी पुलिस ने आरोपियों की पहचान नहीं की है। जो धाराएं लगनी चाहिए थीं, वे नहीं लगाई गई हैं। एसएसपी के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों पर मारपीट, धार्मिक भावनाओं को आहत करने और बलवे की धारा बढ़ा दी हैं। वहीं, दो आरोपियों शान उर्फ भूरा व शान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, भगत सिंह मार्केट चेयरमैन वाली गली में शुक्रवार को राहुल नाम का युवक दो युवतियों के साथ खरीदारी करने गया था। दोनों युवतियों ने हिजाब व बुर्का पहन रखा था। युवती ने राहुल का नाम लिया तो दुकानदार एकत्र हो गए। राहुल को दूसरे संप्रदाय का बताकर मारपीट शुरू कर दी। युवतियों से छेड़छाड़ करते हुए उनका वीडियो बनाया गया। आरोप है कि हिजाब हटा दिया। हंगामे के बाद कुछ लोगों ने उन्हें बचाकर वहां से निकाला। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी तनवीर को गिरफ्तार किया था। बाकी आरोपियों की पहचान नहीं की गई थी।
इसी मामले में सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अंकित चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया। थाना प्रभारी संजय वर्मा का घेराव करते हुए कहा कि हिजाब हटाने के मामले में आईपीसी की धारा 295ए बढ़ाई जाए। कहा कि जो भी आरोपी हैं, उनकी वीडियो के जरिए पहचान कर जेल भेजा जाए। इस मामले में हिंदू संगठन के नेता सचिन सिरोही ने भी एसएसपी से कार्रवाई की मांग की। वहीं, कोतवाली पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी शान उर्फ भूरा व शान मोहम्मद को गिरफ्तार किया है।
गंभीर धाराओं में हुआ मुकदमा
सीओ कोतवाली अमित कुमार राय ने बताया कि इस मामले में मारपीट, युवतियों के साथ छेड़खानी, हिजाब हटाने के मामले में 295ए और बवाल की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सात आरोपियों की पहचान कर ली गई है। एक युवक को पहले और दो को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: जश्न के बाद टूट गईं सांसें: एक झटके में तीन जिंदगियां खत्म, पूरे गांव में मचा कोहराम, सदमे में तीनों परिवार
वायरल हो रहा वीडियो
भगत सिंह मार्केट में मारपीट और युवतियों का हिजाब हटाने का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस ने आरोपियों पर धाराएं बढ़ाई हैं।
यह भी पढ़ें: UP: तीन जनाजे उठते देख रो पड़ा पूरा गांव, 18 दिन पहले हुआ था आजमाइन का निकाह, गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक
मार्कट में पुलिस तैनात, कई आरोपी फरार
भगत सिंह मार्केट में हिजाब हटाने की वीडियो वायरल होने के बाद वहां पर पुलिस तैनात कर दी गई है। कई आरोपी अपने मकानों व दुकानों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं।