सियासत: सांसद इमरान मसूद बोले-भाजपा के पैर उखड़ चुके हैं, तीन करोड़ घुसपैठिए हैं तो सरकार इस्तीफा दे
सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने घुसपैठियों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। कहा, देश में तीन करोड़ घुसपैठिए हैं तो सरकार को इस्तीफा देना चाहिए।
विस्तार
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने घुसपैठियों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि देश में तीन करोड़ घुसपैठिए हैं और सरकार ने उनके नाम मतदाता सूची से कटवा दिए हैं तो वे अब तक देश में कैसे रह रहे हैं। सांसद ने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार खुद घिर रही है और उसे इस्तीफा दे देना चाहिए। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा के अभियान, बसपा नेता आकाश आनंद और दिल्ली में हुए आंदोलन को लेकर भी अपनी बात रखी।
घुसपैठियों के मुद्दे पर सरकार से मांगा जवाब
इमरान मसूद ने कहा कि देश में अराजकता भाजपा ने फैलाई है और अब वही पार्टी घुसपैठियों के नाम पर हल्ला मचा रही है। उन्होंने कहा कि यदि देश में तीन करोड़ घुसपैठिए हैं और सरकार ने उनके वोट कटवा दिए हैं तो सवाल है कि वे अब तक देश में कैसे हैं। सांसद के मुताबिक, इस मुद्दे पर सरकार खुद सवालों के घेरे में आ रही है। उन्होंने सरकार से इस्तीफे की मांग की।
यह भी पढ़ें: UP: बिजनौर में डीएम और वकीलों के बीच टकराव, दफ्तर में तोड़फोड़, कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे अधिवक्ता
भाजपा के पैर उखड़ चुके हैं: इमरान मसूद
सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पैर उखड़ चुके हैं और उसे समझ नहीं आ रहा कि अब क्या किया जाए। भाजपा के अभियान पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अराजकता फैलाने वाले ही अब शोर मचा रहे हैं।
आकाश आनंद पर भी साधा निशाना
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने उन्हें फिलहाल अप्रासंगिक बताया। आकाश आनंद के भाजपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताने वाले बयान पर उन्होंने तंज कसा। कहा कि अभी उन्हें खुद नहीं पता कि क्या करना है और उनके विचारों में भी स्पष्टता नहीं है।
दिल्ली आंदोलन पर बोले- आगे बहुत कुछ होने वाला है
दिल्ली में हुए आंदोलन को लेकर इमरान मसूद ने कहा कि आने वाले समय में बहुत कुछ होने वाला है। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा सत्ता से नहीं हटेगी, तब तक यह सिलसिला जारी रहेगा। उनके मुताबिक, जनता भाजपा से परेशान हो चुकी है और अब भाजपा को सत्ता से हटना होगा।