Bijnor: दुर्लभ प्रजाति के सांप ‘रेड सैंड बोआ’ की तस्करी में पांच गिरफ्तार
बिजनौर जनपद में एक साल बाद फिर से रेड सैंड बोआ की तस्करी का मामला सामने आया है। आरोपियों में एक मुजफ्फरनगर, तीन बहसूमा और एक रामराज क्षेत्र का आरोपी शामिल हैं।
विस्तार
बिजनौर वन विभाग की टीम ने दुर्लभ प्रजाति के सांप ‘रेड सैंड बोआ’ की तस्करी करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में शामिल एक महिला अभी फरार है। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। तस्करों की कुंडली भी खंगाली जा रही है।
वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर नूरपुर-मुरादाबाद मार्ग पर गांव हसुपुरा के निकट एक मारुति कार को चेकिंग के लिए रोका। कार में सवार पांच लोगों के पा से रेड सैंड बोआ सांप बरामद हुआ।
टीम ने आरोपी अंकित पुत्र कमल सिंह निवासी गांव रैडवा रामराज मुजफ्फरनगर, अर्जुन पुत्र जागेनाथ निवासी मोहल्ला नई बस्ती बहसूमा, मोहन पुत्र जयपाल निवासी रामराज, तरुण पुत्र भोलाराम निवासी मायानगर बहसूमा और सियानंद निवासी मोहल्ला मायानगर बहसूमा, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि कामिनी देवी पत्नी रामपाल निवासी रामराज के कहने पर यह सांप खरीदकर लाए लाए थे। कामिनी भी उनके साथ थी, मगर एक ढाबे पर रुपयों का इंतजाम करने की बात कहते हुए उतर गई।
आरोपियों के पास से बरामद किए गए सांप को स्थानीय भाषा में दोमुंहा सांप भी कहा जाता है। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम में भी सूचीबद्ध है। बिजनौर के जंगलों में इसका मिलना बेहद दुर्लभ है। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के केस दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: Shamli: जयंत चौधरी आज जिले में शोक संवेदनाएं व्यक्त करेंगे, कार्यकर्ताओं की बैठक में होंगे शामिल
एक साल पहले भी पकड़े गए थे तीन तस्कर
एक अप्रैल 2023 को वन विभाग की टीम ने दुर्लभ प्रजाति के सांप ‘रेड सैंड बोआ’ की एक करोड़ रुपये में सौदेबाजी कर रहे तीन तस्करों को दबोच लिया था। इनके पास से दो सांप बरामद किए गए थे। उस वक्त अली पुत्र मोहम्मद जान निवासी सदाफल स्योहारा, चांद बाबू पुत्र इस्लाम अहमद और नूर हसन पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासीगण भोजपुर मुरादाबाद को गिरफ्तार किया गया था।
सभी रेंज अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। होली के मद्देनजर मार्गों पर चेकिंग और जंगलों में गश्त बढ़ाई जा रही है। जो तस्कर पकड़े गए हैं, उन पर कार्रवाई की जा रही है। - ज्ञान सिंह, एसडीओ, वन विभाग