Bijnor News: शामिक के हत्यारोपियों पर 25-25 हजार का इनाम, तलाश जारी
उत्तर प्रदेश के बिजनौर स्थित झालू गांव निवासी शामिक हत्याकांड मामले में पुलिस ने हत्यारोपियों पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। आरोपियों तालाश जारी है। बताया जा रहा है कि जो भी व्यक्ति आरोपियों की सूचना पुलिस को देगा, उसको 25 हजार का इनाम मिलेगा। वहीं एक आरोपी के घर पुलिस की टीम जेसीबी लेकर पहुंच गई है। हालांकि तोड़फोड़ करने के बजाए अल्टीमेटम देकर लौट आई है।
विस्तार
बिजनौर के झालू में शामिक हत्याकांड में पुलिस लगातार शिंकजा कस रही है। इसी क्रम में दोनों हत्यारोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। इनकी तलाश में उत्तराखंड समेत 30 स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों को ढूंढने में लगी हैं। वहीं एक आरोपी के घर पुलिस की टीम जेसीबी लेकर पहुंच गई। हालांकि तोड़फोड़ करने के बजाए अल्टीमेटम देकर लौट आई।
शुक्रवार को एसपी दिनेश सिंह ने शामिक हत्याकांड में नामजद कराए आरोपी यश और उसके साथी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। शहर कोतवाली पुलिस ने ईनाम घोषित करने का अनुरोध किया था। बता दें कि दो दिन पहले कृष्णा कॉलेज के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने झालू के रहने वाले बीबीए के छात्र शामिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब शामिक अपनी सहपाठी के साथ पैदल जा रहा था।
यह भी पढ़ें: BAGHPAT: यहां हवेली के नाम से होती है लोगों की पहचान, गांव में आज भी मौजूद हैं 24 से ज्यादा हवेलियां
इस मामले में झालू के ही यश को नामजद और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस लगातार तीन दिनों से आरोपियों की तलाश में लगी हुई है। आरोपियों के हरिद्वार में छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने वहां भी कई होटलों में दबिश दी थी। इसके अलावा झालू के आस पास वाले दर्जनभर से अधिक गांव में भी दबिश दी गई है। करीब तीस जगहों पर दबिश दिए जाने की बात कही जा रही है।
झालू में दूसरे दिन भी तैनात रही पुलिस
झालू में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। शुक्रवार को भी कस्बे में पुलिस मौजूद रही। पुलिस संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है।
बुलडोजर लेकर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों में हड़कंप
शामिक हत्याकांड को लेकर ही झालू के पड़ोसी गांव त्रिलोकपुर में पुलिस बुलडोजर लेकर पहुंच गई। जिससे ग्रामवासियों में हड़कंप मच गया। पुलिस शाम चार बजे दोबारा दबिश देकर कार्रवाई करने की चेतावनी देकर लौट गई। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने बृहस्पतिवार की देर शाम भी गांव त्रिलोकपुर में दबिश दी। लेकिन घर में महिलाएं ही मिली। बताया जा रहा है कि त्रिलोकपुर का रहने वाला एक युवक पुलिस की रडार पर है। जिसे यश का साथी बताया जा रहा है।
फोन घर पर ही छोड़ गया था हत्यारोपी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्या में नामजद कराया गया आरोपी यश अपना मोबाइल घर ही छोड़ गया था। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद घर पहुंचा और भागने से पहले मोबाइल और बाइक घर ही छोड़ दी। जिससे पुलिस लोकेशन के आधार पर तलाश नहीं कर पाए। यह भी बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी पास के ही जंगल में नलकूप पर गया था। वहीं रचित के संग रहने वाले कई युवक भी अपने घरों से फरार हैं। इन्होंने भी अपने मोबाइल घर ही छोड़ दिए हैं।
दिनेश सिंह, एसपी
शामिक हत्याकांड में आरोपी यश और उसके साथी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया जा चुका है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।