ज्ञानपुर। अवर अभियंता की परीक्षा खत्म होते ही प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी अब लेखपाल भर्ती परीक्षा की तैयारियों में जुट गए हैं। 21 मई को होने वाली परीक्षा के लिए सात केंद्र बनाए गए हैं। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होने वाली परीक्षा में 3120 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से अवर अभियंता (सिविल) की मुख्य परीक्षा तीन मई को कराई गई। अब लेखपाल भर्ती की लिखित मुख्य परीक्षा 21 मई को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तिथि आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर परीक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। परीक्षा के लिए जिले में सात केंद्र बनाए गए हैं। इनमें ज्ञानदेवी बालिका इंटर कॉलेज भदोही, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही, श्री इंद्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज भदोही, काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय में दो केंद्र, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि 21 मई को एक पाली में परीक्षा होगी। सभी केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी लगाई गई है। हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। कुल 3120 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।