गंगा में भैंस नहलाने गया किशोर पैर फिसलने से डूबा, गोताखोरों के साथ तलाश में जुटी पुलिस
- छठवीं का छात्र था पूर्व बीडीसी का बेटा अभिषेक
विस्तार
भदोही जिले की सीमा से लगे मिर्जापुर के सेमरा घाट पर सोमवार को एक किशोर भैंस को नहलाते समय गंगा में डूब गया। किशोर गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के बरजी गांव का निवासी था। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पूरे दिन उसकी तलाश कराई लेकिन कहीं पता नहीं चला।
बरजी गांव निवासी पूर्व बीडीसी रामचंद्र का पुत्र अभिषेक (12) छठवीं कक्षा का छात्र था। सोमवार को वह गंगा किनारे अपनी भैंस चरा रहा था। भैंस चराते-चराते वह मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना अंतर्गत सेमरा घाट पर पहुंच गया। वहां गंगा के कछार में भैंस को नहलाने के साथ खुद भी नहाने लगा।
जैसे ही वह भैंस के साथ कछार में कूदा पैर फिसल जाने के कारण गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। वहां मौजूद लोगों से उसके डूबने की जानकारी परिजनों को दी। रोते-बिलखते परिजनों के साथ ग्रामीण घाट की ओर दौड़ पड़े। सोमवार देर शाम तक उसका पता नहीं चल पाया था।
गोपीगंज कोतवाल कृष्णानंद राय ने कहा कि घटना मिर्जापुर के चील्ह थाना अंतर्गत सेमरा घाट पर हुई है। वहां की पुलिस को सूचना दी गई है। उनके स्तर से भी गोताखोरों को लगाया गया है। किशोर तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।