Bareilly News: ईंट से सिर कुचलकर तीन दोस्तों ने की युवक की हत्या, रिपोर्ट दर्ज, आरोपी फरार
बरेली के भुता थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उसका लहूलुहान शव खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने युवक के तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। तीनों आरोपी फरार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के भुता क्षेत्र में ग्राम पहरापुर वसावनपुर नगरिया में शुक्रवार रात शराब के नशे में तीन दोस्तों ने गन्ने के खेत में ईंट से सिर पर प्रहार कर 28 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। मृतक के चचेरे भाई ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
भुता थाना क्षेत्र के ग्राम पहरापुर वसावनपुर नगरिया निवासी धीरेंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात गांव के राजीव, विजेंद्र व दासपुर निवासी इनका साथी विनोद शराब के नशे में उनके घर आए। वह लोग उनके चचेरे भाई पवन पटेल को अपने साथ ले गए। इसके बाद पवन घर नहीं पहुंचा। शनिवार सुबह घास काटने गए ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में पवन का शव देखा तो इसकी सूचना परिजनों को दी।
परिवार के लोगों ने देखा कि खपरैल की ईंट से पवन की सिर कुचलकर हत्या की गई है। सूचना पर थानाध्यक्ष सतीश कुमार फोर्स के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम बुला ली गई। एसपी दक्षिणी मानुष पारीक और सीओ फरीदपुर गौरव सिंह ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।
घर पर अकेला रहता था पवन
पिता ओमप्रकाश व मां के साथ पवन का बड़ा भाई भारत दिल्ली में रहकर फैक्टरी में काम करता है। पवन दो भाई में सबसे छोटा व अविवाहित था। वह गांव में अकेला मजदूरी करता था। धीरेंद्र ने यह भी बताया कि तीनों आरोपी शराब पीकर आए दिन लड़ाई झगड़ा करते हैं। पुलिस को राजीव के घर के पीछे गोबर में दबी राजीव की लोअर और टी-शर्ट मिली है।
एसपी दक्षिणी मानुष पारीक ने बताया कि धीरेंद्र ने तहेरे भाई पवन के तीनों दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। तीनों आरोपी फरार हैं। लग रहा है कि नशे में कहासुनी के बाद हत्या की गई है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है। गिरफ्तारी के बाद ही सच्चाई का पता चल पाएगा।