पुलिस ने लगाया बेरिकेडिंग, वाहनों को डाइवर्ट कर दिया, एसडीएम ने निर्देश दिए
फतेहगंज पूर्वी। कस्बे से दातागंज होते हुए बदायूं, मथुरा, आगरा को जाने वाली सड़क पर मानपुर त्रलोक गांव के पास रामगंगा नदी में बाढ़ आने की वजह से सड़कों पर पानी आ गया है। इसके कारण सोमवार से ही यहां से निकलने वाले यातायात को बंद कर दिया गया। पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर वाहनों का आवागमन बंदकर फरीदपुर से बुखारा मार्ग से वाहनों को डाइवर्ट कर दिया है।
रात भर तेज रफ्तार से पानी बहने से पुलिया के पास की मिट्टी भी कटने लगी है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी फरीदपुर गुलाब चन्द्र अग्रहरि ने मानपुर त्रलोक पहुंचकर निरीक्षण किया। बाढ़ चौकी कर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। वहीं, जेसीबी मशीन द्वारा पुलिया के पाइपों में फंसी हुई जलकुंभी घास को भी निकलवाया गया, जिससे पानी सड़क पर न बहे, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज है कि पाइपों से नहीं निकलकर सड़क के ऊपर से पानी का बहाव था। संवाद