Bareilly News: विधायक कार्यालय के सामने फायरिंग करने वाले अमन अजमेरी समेत दो पर रिपोर्ट, तलाश में जुटी पुलिस
बरेली के फरीदपुर में विधायक कार्यालय के सामने फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अमन अजमेरी समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
बरेली के फरीदपुर कस्बे में भाजपा के दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के कार्यालय के सामने शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलियों की आवाज से मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए दुकानों और गाड़ियों के पीछे छिपते नजर आए। पुलिस ने विधायक कार्यालय प्रभारी अनिल राजपूत की तहरीर पर मोहल्ला मिर्धान बकैनिया रोड निवासी अमन अजमेरी और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: विधायक कार्यालय के पास हिस्ट्रीशीटर ने की कई राउंड फायरिंग, जान बचाकर भागे लोग
चाय की दुकान पर कहासुनी के बाद चलाईं गोलियां
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर शाम अमन अजमेरी अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक से विधायक कार्यालय के सामने स्थित चाय की दुकान पर पहुंचा था। वहां उसकी किसी व्यक्ति से कहासुनी हो गई। इसके बाद दहशत फैलाने के इरादे से बदमाशों ने तमंचे से कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर कार्यालय से विधायक पुत्र ईशान ग्वाल और गनर बाहर निकले। पुलिसकर्मियों को आता देख आरोपी बरेली की तरफ भाग गए। कार्यालय प्रभारी अनिल राजपूत ने तहरीर में आरोप लगाया है कि बदमाशों ने उनकी तरफ तमंचा तानकर गोलियां चलाईं, जिससे उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। उन्होंने विधायक पुत्र ईशान ग्वाल की जान को भी खतरा बताया है।
आरोपियों पर 20 से अधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अमन अजमेरी इलाके का शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ चेन स्नेचिंग, लूट, चोरी और छिनैती समेत 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा पिछले महीने ही उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई के लिए फाइल जिला मुख्यालय भेजी जा चुकी है।
भाजपाइयों में आक्रोश
घटना के बाद रामपुर-बरेली क्षेत्र के एमएलसी कुंवर महाराज सिंह समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग विधायक कार्यालय पर जुट गए। एमएलसी महाराज सिंह ने फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम को आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बदमाशों के हौसले बुलंद हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
इसके साथ ही स्थानीय भाजपाइयों ने पुलिस से शिकायत की कि मेन रोड पर स्थित चाय की दुकान देर रात एक बजे तक खुली रहती है, जहां सार्वजनिक फुटपाथ पर कुर्सियां डालकर लोग बैठते हैं। इससे सुरक्षा का खतरा बना रहता है। उन्होंने मांग की कि दुकान के बाहर फुटपाथ पर लोगों को बैठाने पर रोक लगाई जाए।
सीओ संदीप सिंह ने बताया कि कार्यालय वाली गली के सामने मेन रोड पर दूसरी तरफ स्थित एक चाय की दुकान पर यह घटना हुई है। इसका विधायक कार्यालय से सीधा कोई संबंध नहीं है। फिर भी कार्यालय प्रभारी की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।