Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Sudden physical activity increases the risk of cardiac arrest

कार्डियक अरेस्ट: खेलते समय दिल पर बढ़ता है दबाव, बिना तैयारी मैदान पर उतरना पड़ सकता है भारी; बरतें सावधानी

Tue, 17 Nov 2026 01:51 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली Published by: Mukesh Kumar Updated Tue, 17 Nov 2026 01:51 PM IST
सार

बदायूं में खेलने के दौरान सेवानिवृत्त सीओ की जान चली गई। मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई। इसी तरह बरेली में कुर्सी पर बैठे चौकीदार की मौत हो गई। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि कार्डियक अरेस्ट क्यों होता है और इससे कैसे बचा जा सका है। 

विज्ञापन
Sudden physical activity increases the risk of cardiac arrest
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : AI

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खेलना सेहत के लिए फायदेमंद है, लेकिन काफी समय तक शारीरिक गतिविधियों से दूर रहने के बाद अचानक मैदान पर उतरना जानलेवा भी हो सकता है। बिना अभ्यास के खेलों में हिस्सा लेने से दिल पर अचानक दबाव बढ़ जाता है। इससे हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि खेलकूद या जिम में भारी कसरत शुरू करने से पहले शरीर को उसके अनुरूप तैयार करना जरूरी है। बदायूं में रविवार शाम क्रिकेट खेलने के दौरान सेवानिवृत्त सीओ मनोज कुमार सिंह की मौत हो गई थी। मौत की वजह  कार्डियक अरेस्ट बताई गई। इसी तरह बरेली में एक चौकीदार की कुर्सी पर बैठे-बैठे जान चली गई। 

विज्ञापन


बरेली के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज बंसल के अनुसार, जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक निष्क्रिय रहता है और अचानक तेज गति से दौड़ने, कूदने या खेल में हिस्सा लेता है तो हृदय की धड़कन और रक्तचाप तेजी से बढ़ सकते हैं। ऐसे में पहले से मौजूद हृदय संबंधी बीमारी, धमनियों में रुकावट या हृदय की विद्युत प्रणाली में गड़बड़ी होने पर गंभीर स्थिति बन सकती है। कई बार व्यक्ति को अपनी बीमारी की जानकारी भी नहीं होती और खेल के दौरान लक्षण सामने आते हैं।
विज्ञापन


डॉ. पंकज ने बताया कि शारीरिक गतिविधि की शुरुआत धीरे-धीरे करनी चाहिए। सीधे प्रतिस्पर्धात्मक खेल लंबी दौड़ या भारी वजन उठाने से बचना चाहिए। पहले हल्की वॉक, स्ट्रेचिंग और सामान्य व्यायाम से शुरुआत करें। इसके बाद शरीर की क्षमता के अनुसार गतिविधियों का समय और तीव्रता बढ़ाएं। खेल शुरू करने से पहले वार्मअप और समाप्ति के बाद कूलडाउन भी जरूरी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट में अंतर समझना जरूरी 
डॉ. पंकज बंसल ने बताया कि हार्ट अटैक में हृदय की मांसपेशियों तक रक्त पहुंचाने वाली धमनी में रुकावट आ जाती है। कार्डियक अरेस्ट में हृदय अचानक प्रभावी ढंग से रक्त पंप करना बंद कर देता है। हार्ट अटैक के कारण भी कार्डियक अरेस्ट हो सकता है। कार्डियक अरेस्ट में व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर सकता है और सामान्य रूप से सांस लेना बंद कर देता है। 

दिल को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये उपाय
दिनचर्या को नियमित रखें और खानपान में सुधार करें। रोज अपनी क्षमता के अनुसार 30 मिनट तेज चाल से टहलें। धीरे-धीरे सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाला व्यायाम करें। योग, ध्यान और प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करें। तली-भुनी चीजों, अत्यधिक नमक और ट्रांस फैट से परहेज करें। संतुलित आहार लें। धूम्रपान और तंबाकू से दूरी बनाएं। पर्याप्त नींद लें और तनाव को नियंत्रित रखने का प्रयास करें। ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराएं। परिवार में कम उम्र में हृदय रोग का इतिहास हो या पहले से कोई बीमारी हो तो चिकित्सकीय सलाह लेकर ही कठिन व्यायाम करें।

हार्ट अटैक के प्रमुख लक्षण
सीने में दबाव, जकड़न, भारीपन या दर्द होना।
दर्द का बांह, कंधे, पीठ, गर्दन या जबड़े तक पहुंचना।
सांस लेने में परेशानी या अचानक घबराहट होना।
ठंडा पसीना आना और चक्कर महसूस होना।
जी मिचलाना, उल्टी या असामान्य कमजोरी महसूस होना।
बिना अधिक मेहनत किए अत्यधिक थकान होना

सीपीआर के साथ कार्डियक थंब देना भी है कारगर
हार्ट अटैक आने पर फौरन सीपीआर देने से कई लोगों की जान बची है। ऐसे मामलों में कार्डियक थंब देना भी लाभकारी हो सकता है। सीपीआर में जहां संबंधित व्यक्ति की छाती को दोनों हाथ से दबाया जाता है, वहीं कार्डियक थंब में मरीज की छाती के बीचोंबीच मुट्ठी से तेज प्रहार किया जाता है।

कुर्सी पर बैठे-बैठे चली गई चौकीदार की जान

हाफिजगंज कस्बे की सहकारी समिति में तैनात 59 वर्षीय चौकीदार रामलाल की सोमवार को ड्यूटी के दौरान कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। जब उनकी तबीयत बिगड़ी, वह अपनी कुर्सी पर बैठे हुए थे। हाफिजगंज सहकारी समिति के सचिव कुलवंत सिंह ने बताया कि रामलाल सोमवार सुबह गोदाम परिसर में कुर्सी पर बैठे थे। 

अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दौरान समिति परिसर में मौजूद कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही रामलाल के परिजन भी पहुंच गए। उनके शव को घर ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। समिति के कर्मचारियों ने रामलाल के निधन पर दुख जताया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed