Bareilly News: विधायक कार्यालय के पास हिस्ट्रीशीटर ने की कई राउंड फायरिंग, जान बचाकर भागे लोग
बरेली के फरीदपुर में एक हिस्ट्रीशीटर ने विधायक कार्यालय के पास फायरिंग कर दहशत फैला दी। उसने कई राउंड फायरिंग की। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया।
विस्तार
बरेली के फरीदपुर में भाजपा के दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के कार्यालय के सामने शुक्रवार देर शाम एक हिस्ट्रीशीटर ने तमंचे से कई राउंड फायरिंग की। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए दुकानों और खड़ी कारों के पीछे छिपने लगे। पुलिस के मुताबिक एक चाय की दुकान पर यह घटना हुई।
विधायक कार्यालय प्रभारी अनिल राजपूत ने पुलिस को घटना की तहरीर दी। उन्होंने बताया कि अमन अजमेरी नाम का बदमाश अपने एक साथी के साथ बाइक से पहुंचा था। चाय की दुकान पर किसी व्यक्ति से कहासुनी के बाद उसने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
अनिल राजपूत ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उनकी तरफ तमंचा करके भी कई राउंड फायर किए। उन्हें भागकर जान बचानी पड़ी। गोलियों की तड़तड़ाहट से भगदड़ मच गई। विधायक के बेटे ईशान ग्वाल और उनके गनर फायरिंग की आवाज सुनकर बाहर निकले। पुलिसकर्मियों को आता देख आरोपी बरेली की ओर भाग गए।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपी अमन अजमेरी के खिलाफ 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन मुकदमों में चेन स्नेचिंग, लूट, चोरी और छिनैती जैसे मामले शामिल हैं। पुलिस ने पिछले महीने ही उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने के लिए जिला मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा था।
घटना पर जताया आक्रोश
इस घटना के बाद विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह सहित क्षेत्र के भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश जताया है। एमएलसी ने फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम को तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में हुई घटनाओं पर उचित कार्रवाई न होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हुए हैं।
फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने बताया कि घटना कार्यालय वाली गली के सामने मुख्य सड़क पर स्थित चाय की दुकान पर हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना का विधायक कार्यालय से संबंध नहीं है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।