UP News: बरेली में रेलवे क्रॉसिंग पर फंसी ईंटों से भरी ट्रॉली, लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में बुधवार सुबह रेलवे क्रॉसिंग पर ईंटों से भरी ट्रॉली फंस गई। चालक ने काफी प्रयास किया लेकिन ट्रैक्टर ट्रॉली नहीं निकाल सका। इस बीच बरेली से लालकुआं जा रही ट्रेन को लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका। करीब 40 मिनट बाद ट्रैक्टर ट्रॉली को निकाला जा सका। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में दोहना-भोजीपुरा स्टेशनों के बीच किमी संख्या 301/15-16 के रेलवे क्रॉसिंग संख्या 229 ए/सी रमपुरा पर बुधवार सुबह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई। ट्रैक्टर चालक ने काफी कोशिश की, लेकिन ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने में सफल नहीं हुआ। इसी दौरान यहां 65301 बरेली सिटी-रामनगर मेमू पहुंच गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लेकर ट्रेन को रोका।
आरपीएफ चौकी इंचार्ज सुरेश सिंह थापा ने बताया कि बरेली सिटी से बुधवार सुबह बरेली सिटी-रामनगर मेमू छह बजे चलने के बाद 6:29 बजे दोहना पहुंची। देहना-भोजीपुरा की दूरी चार किलोमीटर है। बीच में रमपुरा गांव का क्रॉसिंग संख्या 229 ए/सी पड़ता है। क्रॉसिंग पर दो दिन से मरम्मत का काम भी हो रहा है। इसी क्रॉसिंग पर ईंटों से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई। गेटमैन ने कंट्रोल रूम को सूचना दी और कंट्रोल रूम से लोको पायलट को बताया गया। लोको पायलट ने ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लेकर रोक दिया।
यह भी पढ़ें- UP: वाहनों पर जाति लिखाने वालों पर होगी कार्रवाई, बरेली रेंज में चलेगा विशेष अभियान, डीआईजी ने दिए निर्देश
40 मिनट बाद निकाली जा सकी ट्रॉली
सूचना पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। 40 मिनट के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाने के बाद क्रॉसिंग क्लियर हो सकी। इसके बाद बरेली सिटी-रामनगर मेमू को आगे रवाना किया गया। गेटमैन की ओर से ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आरपीएफ को तहरीर दी गई है। आरपीएफ चौकी इंचार्ज सुरेश सिंह थापा ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सिटी थाने में गेटमैन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
बृहस्पतिवार रात बंद रहेगा अभयपुर क्रॉसिंग
इज्जतनगर मंडल के भोजीपुरा-दोहना रेलवे स्टेशनों के बीच किमी संख्या 303/3-4 पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 230/सी अभयपुर बृहस्पतिवार रात नौ से शुक्रवार सुबह छह बजे तक सड़क यातायात के लिए बंद रहेगा। इस दौरान क्रॉसिंग पर बैलास्ट की छनाई और मरम्मत के काम किए जाएंगे। क्रॉसिंग बंद रहने के दौरान रमपुरा गांव स्थित क्रॉसिंग संख्या 229 ए/सी का वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा।