जब चोरों ने खुद बुलाई पुलिस: ग्रामीणों ने घेरा तो डायल 112 पर किया कॉल, कहा- हमें बचा लो साहब
बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तीन चोरों को ग्रामीणों की भीड़ ने गन्ने के खेत में घेर लिया। उनकी जमकर पिटाई की। इस बीच एक चोर ने डायल 112 पर कॉल कर बचाने की गुहार लगाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चोरों को भीड़ से बचाया और थाने ले गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में भैंस चोरी करके गन्ने के खेत में छिपे पशु चोरों की उस वक्त जान पर बन आई जब पीछे से आए ग्रामीणों ने खेत को चारों ओर से घेर लिया। जान संकट में देखकर एक चोर ने यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस से बचाने की गुहार लगाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चोरों को ग्रामीणों से बचाया। इस दौरान एसओ अलीगंज व उनकी टीम को गुस्साए ग्रामीणों की लाठियां लग गईं।
गौसगंज गांव में शुक्रवार रात रामसेवक पाल की आठ भैंसें चोरी हो गईं। रात एक बजे रामसेवक की नींद खुली तो पशुशाला में भैंसें न देख उनके होश उड़ गए। दूसरे ग्रामीण सिपट्टर की भी भैंस चोरी की गई थी। ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर तलाश शुरू की। गांव के पास गन्ने के खेत से आवाज आ रही थी। इस पर ग्रामीणों ने खेत की चारों तरफ से घेराबंदी कर ली।
Bareilly News: आला हजरत के उर्स में चादर ले जाने के विरोध पर भिड़े दो पक्षों के लोग, चले लाठी-डंडे
ग्रामीणों ने दो चोरों को पकड़कर पीट दिया। तीसरे चोर ने खुद को घिरता देखकर यूपी 112 पर कॉल कर जान बचाने की गुहार लगाई। भमोरा पुलिस से पहले अलीगंज थाना पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों ने दो चोर पुलिस को सौंप दिए। जबकि तीसरे चोर को खेत से पुलिस निकालकर लाई। भमोरा पुलिस तीनों चोरों को थाने ले गई। बताया गया कि ये चोर खेत में भैसों की रखवाली कर रहे थे। इनके साथी फरार हो गए। खेत में दो भैंसे बरामद हुईं। एसपी दक्षिणी मानुष पारीक के अनुसार चोरों के साथियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस को समझ बैठे चोरों का मददगार
चोरों को बचाने के दौरान पुलिसकर्मियों को भी लाठी-डंडे लगे। एसपी साउथ मानुष पारीक के निर्देश पर सीओ आंवला के साथ एसओ अलीगंज अजय शुक्ला चोर को निकालकर लाए तो ग्रामीणों ने समझा कि चोरों ने अलीगंज पुलिस को बुलाया है।
गुस्से में ग्रामीणों के डंडे एसओ व उनकी टीम को भी लग गए। हालांकि बाद में ग्रामीण खुद ही शांत हो गए। सरदार नगर चौकी इंचार्ज विकास यादव व कुछ पुलिसकर्मी खेतों में लगे कंटीले तार में फंसकर जख्मी हो गए। ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ भी आक्रोश दिखा। भमोरा थाना पुलिस के देरी से आने पर नाराजगी जताई।
पशु चोरों पर रिपोर्ट
भमोरा पुलिस ने पशुपालक सिपट्टर की ओर से जमाल, आसिफ, शाबे आलम निवासी मोहल्ला सराय थाना सिकंदराराऊ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बिशारतगंज निवासी निजामुद्दीन फरार हो गया। इंस्पेक्टर भमोरा ऋषिपाल सिंह ने बताया कि तीन अभियुक्त गिरफ्तार किए हैं।