बरेली: नौ फुट गहरे तालाब में डूबने से दो साल के मासूम की मौत, घर के बाहर खेलने के दौरान हुआ हादसा
बरेली के बेहटा बुजुर्ग गांव में दो साल का बच्चा खेलते समय तालाब में गिर गया, जिससे डूबकर उसकी मौत हो गई। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने शव तालाब से निकाला। ग्रामीणों ने तालाब के आसपास सुरक्षा घेरा न होने की शिकायत की है।
विस्तार
बरेली के बिशारतगंज क्षेत्र के गांव बेहटा बुजुर्ग में बुधवार दोपहर कृष्णपाल कश्यप के बेटे अनमोल (2 वर्ष) की नौ फुट गहरे तालाब में डूबने से मौत हो गई। घर के बाहर खेलने के दौरान हादसा हुआ। परिजन ने बिना पुलिस-प्रशासन को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
कृष्णपाल कश्यप ने बताया कि रिश्तेदारी में एक शादी है। उनमें भात लेकर जाना था। इसकी तैयारी के लिए सामान की खरीदारी करने वह बिशारतगंज गए थे। घर पर बच्चे थे। उन्होंने बताया कि घर के सामने खड़ंजा है। उसके बराबर में नौ फुट से अधिक गहरे तालाब में मछली पालन होता है। पड़ोसियों ने दोपहर एक बजे बेटे अनमोल को तालाब के पास खेलते हुए देखा था।
कृष्णपाल ने घर लौटने पर बेटे की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। पड़ोसियों के कहने पर करीब दो बजे तालाब में उतरकर खोजा। उसमें अनमोल मिल गया। उसको निकालकर बिशारतगंज स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। शव को घर लाकर अनमोल का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कृष्णपाल के चार बच्चों में सबसे छोटे अनमोल की मौत से परिजन सदमे में हैं।
दो साल पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा, नहीं किए सुरक्षा इंतजाम
कृष्णपाल ने बताया कि परिवार के सतीश कश्यप की बेटी मीनाक्षी (2 वर्ष) भी दो साल पहले खेलने के दौरान तालाब में डूब गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। तालाब के पास से रोजाना कई लोग गुजरते हैं। आसपास के बच्चे भी खेलते-खेलते उसके पास पहुंच जाते हैं। तालाब के चारों ओर सुरक्षा घेरा नहीं बना है। बच्ची की मौत के बाद स्थानीय अधिकारियों से सुरक्षा उपाय कराने की मांग की थी, लेकिन नहीं किए गए। उसके बाद से कई बच्चों को तालाब में गिरने से बचाया जा चुका है।
गांववासी नेत्रपाल, राम अवतार, राजवीर, महेंद्र पाल आदि ने बताया कि तालाब 14-15 बीघा में फैला है। चारों ओर आबादी बसी है। इसके बावजूद तालाब के पास सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। बरसात में तालाब लबालब रहता है। आरोप है कि जल निकासी के लिए बने नाले पर गांव के लोगों ने अतिक्रमण कर दिया है। इससे जल निकासी बाधित है। साथ ही, सफाई भी नहीं होने से तालाब दलदल जैसा हो गया है। वहां हादसों की आशंका रहती है।
