Railways: रोजा-सीतापुर रेलखंड पर बढ़ी रफ्तार, 16 ट्रेनों की समयसारिणी में हुआ सुधार
औसत स्पीड तेज होने के बाद रोजा-सीतापुर रेलखंड की अप-डाउन 16 ट्रेनों की टाइमिंग में सुधार हुआ है।
विस्तार
उत्तर रेलवे के रोजा-सीतापुर रेलखंड में 15 नवंबर से ट्रेनों की औसत स्पीड बढ़ने से इस रूट की 16 ट्रेनों की समयसारिणी में सुधार हुआ है। इनकी लेटलतीफी दूर हुई है। अब ये ट्रेनें समय से चल रही हैं।
अमृतसर-गोरखपुर एक्सप्रेस, आनंद विहार-मोतिहारी एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस, मोरध्वज एक्सप्रेस, अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस के अलावा रोजा-सीतापुर और शाहजहांपुर-सीतापुर के बीच दो-दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन इस रूट से होता है। बीते दिनों मुरादाबाद-लखनऊ और रोजा-सीतापुर के बीच स्पीड ट्रायल हुआ था। 15 नवंबर से रोजा-सीतापुर रेलखंड पर ट्रेनों की औसत रफ्तार को 80 से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें- Bareilly: घर में टूटी मिलीं चूड़ियां, खेत में घसीटने के निशान, इस हाल में मिली विवाहिता की लाश, कांप गई रूह
औसत स्पीड तेज होने के बाद इस रूट की अप-डाउन 16 ट्रेनों की टाइमिंग में सुधार हुआ है। रेलवे भविष्य में बरेली-रोजा-शाहजहांपुर और पीलीभीत-बीसलपुर-शाहजहांपुर होते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने पर भी काम कर रहा है। आने वाले कुछ महीनों में और सुधार दिखेगा।
रोजा-सीतापुर ब्रांच लाइन पर 140 किमी प्रति घंटे तक की गति से स्पीड ट्रायल हो चुका है। रेल लाइन का दोहरीकरण और विद्युतीकरण पहले ही पूरा हो चुका है। फिलहाल, इस रूट पर पांच जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन हो रहा है। चार जोड़ी त्योहार विशेष ट्रेनों को भी इस रूट से चलाया जा रहा है।
मार्च से पहले कई स्टेशनों पर होगा रिमॉडलिंग का काम
सीनीयर डीसीएम सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मार्च 2024 से पहले कई स्टेशनों पर रिमॉडलिंग का काम प्रस्तावित है। बरेली-चंदौसी-ब्रांच लाइन पर राजघाट, बहजोई, डिबाई, बबराला स्टेशनों पर मैनुअल सिस्टम से ट्रेनों का संचालन हो रहा है। बालामऊ-सीतापुर रेल खंड में भी पांच ऐसे रेलवे स्टेशन हैं। इन रेल खंडों में मार्च 2024 तक मैनुअल के स्थान पर इंटरलॉकिंग सिस्टम का काम होना है।