Flood: बरेली में रामगंगा नदी उफान पर... बाढ़ के पानी से कटा दो पुलों का एप्रोच मार्ग, सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न
रामगंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे बरेली जिले में नदी के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। खेतों में बाढ़ का पानी भरने से फसलें डूब गई हैं। पानी के बहाव से दो एप्रोच मार्ग कट गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने से रामगंगा नदी उफान पर बह रही है। इसका असर बरेली जिले में भी दिखने लगा है। रामगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से सोमवार को खादर क्षेत्र के खेतों में पानी भर गया। इससे हजारों बीघा फसलें जलमग्न हो गई हैं। किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फिरने का खतरा मंडरा रहा है।
मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव गोरा लोकनाथपुर के रामगंगा घाट पर बने पुल का एप्रोच मार्ग तेज बहाव में कट गया है। इसके कारण मीरगंज और आंवला के बीच सीधा संपर्क टूट गया। इसी तरह मीरगंज से सिरौली जाने वाले रास्ते पर कैलाश गिरी बाबा मढ़ी रामगंगा घाट के पुल का एप्रोच मार्ग भी पानी में कट गया, जिससे पुल पर आवागमन प्रभावित हो गया है। स्थानीय किसानों ने बताया कि आसपास के खेत पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। धान, तिल, उड़द और गन्ने जैसी फसलें बर्बाद होने की कगार पर हैं।
दीवार बनाकर बंद किया मार्ग
मीरगंज तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने बताया कि रामगंगा का जलस्तर बढ़ने और दोनों पुलों का एप्रोच मार्ग कट जाने के बाद मीरगंज से सिरौली और गोरा लोकनाथपुर से गुलड़िया मार्ग को दीवार बनाकर बंद कर दिया गया है ताकि लोग जोखिम में न पड़ें।
यह भी पढ़ें- UP Floods: शाहजहांपुर में बाढ़ ने ली मां-बेटी की जान, 18 घंटे बाद मिला मासूम का शव; पानी में बह गई थीं दोनों
सोमवार को उपजिलाधिकारी इशिता किशोर, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह और मीरगंज थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पुलों का निरीक्षण किया और जनता से बाढ़ के पानी के नजदीक न जाने की अपील की। प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है।
गोशाला में भरा बाढ़ का पानी, गायों की मौत
विकास खण्ड मीरगंज के गांव कपूरपुर के ग्रामीणों ने गौशाला में बाढ़ का पानी भरने से कई गायों की मौत होने का आरोप लगाकर उपजिलाधिकारी मीरगंज से शिकायत की गई है। गांव के पिंटू सिंह, राहुल सिंह, पप्पू सिंह, राकेश सिंह सहित कई लोगों ने उपजिलाधिकारी मीरगंज को बताया कि उनके गांव कपूरपुर में गोशाला है, जिसमें रामगंगा में आई बाढ़ का पानी भरने से कई गायों की मौत हो गई।
जब उन्होंने ग्राम प्रधान से गायों को बचाने के लिए सुरक्षित जगह पर ले जाने के लिए कहा तो उनके साथ गाली-गलौज की गई। उपजिलाधिकारी मीरगंज इशिता किशोर ने शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उपजिलाधिकारी बताया कि गोशाला में बाढ़ का पानी भर गया था। सभी गायों को वहां से निकालकर सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया गया है। शिकायत की जांच कराई जाएगी।