बरेली: दिवाली की रात युवती ने फंदा लगाकर दी जान, चाचा पर पीटने का आरोप
बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र में दिवाली की रात एक युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। आरोप है कि चाचा ने युवती को पीटा था। शिकायत के बावजूद पुलिस से तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आहत होकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
विस्तार
बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गणेश नगर में 19 वर्षीय युवती ने रविवार रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन का आरोप है कि युवती और उसकी मां के साथ उसके चाचा ने नशे में मारपीट और गालीगलौज की थी। घटना के बाद युवती अपने पिता के साथ थाने पहुंची और शिकायत की। परिजन के मुताबिक, थाने से लौटने के बाद भी चाचा ने विवाद किया। दिवाली पर रविवार रात युवती ने दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद समय रहते कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: रामगंगा में मिला बिहार के इंजीनियर का शव, काम के दबाव से परेशान होकर आत्महत्या करने का आरोप
गणेश नगर गली नंबर तीन निवासी संजीव कश्यप के मुताबिक, रविवार शाम वह दिवाली की तैयारी के लिए मिठाई लेने गए थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई सचिन उर्फ राजा कथित तौर पर नशे की हालत में घर पहुंचा और पत्नी गोमती देवी व बेटी नैंसी से मारपीट करने लगा। संजीव के घर लौटने पर पत्नी ने उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद नैंसी अपने पिता के साथ सुभाषनगर थाने पहुंची और चाचा के खिलाफ शिकायत दी।
रात में करीब एक बजे लगाया फंदा
पिता का आरोप है कि शिकायत के बाद भी मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। थाने से घर लौटने के बाद सचिन ने फिर गालीगलौज की। इससे परेशान नैंसी ने रविवार रात करीब एक बजे घर में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। परिजन उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नैंसी इंटरमीडिएट की छात्रा थी। उसकी मां गोमती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन का कहना है कि नैंसी पढ़ाई में होनहार थी। मां ने आरोप लगाया कि देवर नशे का आदी है और आए दिन परिवार में विवाद करता था। उन्होंने परिवार के कुछ अन्य सदस्यों पर भी उसे संरक्षण देने का आरोप लगाया। मृतका के पिता ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद बेटी की जान बच सकती थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।