दिवाली पर पिता-पुत्र की मौत: बरेली में नैनीताल हाईवे पर पुलिया से टकराकर पलटी कार, परिवार के छह लोग घायल
बरेली के बहेड़ी इलाके में दिवाली के दिन नैनीताल हाईवे पर हुए हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। हादसा कार पलटने से हुआ। उधर, मीरगंज में टक्कर के बाद तीन कार खाई में पलट गई। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी इलाके में नैनीताल हाईवे पर रविवार को कनमन गांव के सामने कार पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। नींद की झपकी हादसे की वजह बताई जा रही है। दिवाली के दिन हुए इस हादसे से एक परिवार की खुशियां छिन गईं।
जानकारी के मुताबिक, कासगंज निवासी गौरव अपने परिवार के साथ रुद्रपुर से घर लौट रहे थे। कनमन गांव के सामने चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर पलट गई। हादसे में गौरव जाजू, उनका 10 वर्षीय बेटा दर्श और परिवार के छह सदस्य घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- दिवाली पर खौफनाक घटना: लखीमपुर खीरी में 10 वर्षीय बालक को दबोच ले गया तेंदुआ, सुबह मिला क्षत-विक्षत शव
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी एंबुलेंस से राममूर्ति मेडिकल कॉलेज भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गौरव जाजू को मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान 10 वर्षीय दर्श की भी मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
मीरगंज में टक्कर के बाद खाई में पलटी तीन कारें
मीरगंज इलाके में नेशनल हाईवे पर सिंधौली पुलिया के पास भी रविवार को हादसा हुआ। यहां अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों कारें हाईवे से नीचे खाई में जा गिरीं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, फुरकान कार से नवाबगंज से दिल्ली जा रहे थे। सिधौली पुलिया के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई। कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी फिगो कार को टक्कर मारी, इसके बाद मरम्मत के लिए खड़ी दूसरी कार से जा भिड़ी। भीषण टक्कर के बाद तीनों कारें खाई में जा गिरीं।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि सिंधौली पुलिया के पास सड़क हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।