Shahjahanpur News: टक्कर से सड़क पर गिरी महिला को बोलेरो ने कुचला, मासूम बेटी की भी मौत
शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से महिला और उनकी बेटी की मौत हो गई। महिला अपनी बीमार बेटी को दवा दिलाने रिश्तेदार के साथ बाइक से जा रही थी। हादसे में रिश्तेदार घायल हुआ है।
विस्तार
शाहजहांपुर के जैतीपुर क्षेत्र में तिलहर-दातागंज मार्ग पर मंगलवार को बोलेरो गाड़ी की टक्कर से गिरी बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई। टक्कर से महिला के सड़क पर गिरने के बाद भागने की कोशिश में बोलेरो चालक ने उसे रौंद दिया, जिससे हालत और बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया।
फर्रुखाबाद के गांव सैयद निवासी इंतजार यहां गांव बझेड़ा भगवानपुर स्थित ससुराल में एक साल से रह रहे हैं। रविवार को किसी जरूरी काम से वह अपने घर गए थे। इस बीच उनकी नौ माह की बेटी अनायरा की तबीयत खराब हो गई। मंगलवार को छह माह की गर्भवती पत्नी सायरा (35) अपनी बेटी की दवा लेने बहनोई कल्लू के साथ बाइक से अस्पताल जा रही थीं।
पूर्वाह्न करीब 11 बजे गांव से निकलकर हाईवे पर चढ़ते समय जैतीपुर की तरफ से आ रही बोलेरो गाड़ी से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। टक्कर लगने से तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक महिला को रौंदते हुए गाड़ी लेकर भाग गया। एंबुलेंस से तीनों को सीएचसी भेजा गया, जहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। रास्ते में मां-बेटी ने दम तोड़ दिया। कल्लू का इलाज चल रहा है।
ऊंची सड़क ने ले ली जान
कार की टक्कर से बाइक सवार मां सायरा और उनकी बेटी अनायरा की मौत में हादसे की वजह हाईवे की ऊंची सड़क रही। ग्रामीणों के अनुसार, गांव से हाईवे को जोड़ने वाली सड़कें काफी नीची हैं। नीची सड़क से ऊंचाई पर आने के दौरान वाहन चालकों को गति बढ़ानी पड़ती है। ऐसे में हाईवे पर पहुंचने पर कई बार हादसे की आशंका रहती है। मंगलवार को हुए हादसे की वजह भी यही बताई जा रही है।
हादसे के बाद भागे कार चालक का कुछ लोगों ने बाइकों से पीछा भी किया। काफी दूर तक वह नजर आता रहा, लेकिन खेड़ाबझेड़ा के पास उसका कोई सुराग नहीं लगा। दो रास्ते होने के चलते आसानी से भाग गया। बताते हैं कि ग्रामीणों ने कार का नंबर नोट कर लिया है। पुलिस ने उसी नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। सीओ तिलहर अमित चौरसिया ने बताया कि पंचायत नामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मजदूरी करता है परिवार
कल्लू और इंतजार अपनी ससुराल में ही परिवार के साथ रहते थे। दोनों ही मेहनत-मजदूरी करते हैं। हादसे के बाद इंतजार को सूचना दे दी गई है। वह फर्रुखाबाद से चल दिए थे। मां-बेटी की मौत से पूरे परिवार में मातम छाया है। परिजनों के आंसू नहीं रुक रहे हैं।