इश्क में दी जान: शादी कराने को राजी नहीं हुए घरवाले, तो प्रेमी युगल ने उठाया खौफनाक कदम, इस हाल में मिले शव
Bareilly News: इश्क में मुकाम नहीं मिला तो प्रेमी युगल ने एक साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार रात दोनों के शव रेवती बहोड़ा रेलवे स्टेशन के नजदीक पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विस्तार
बरेली के आंवला क्षेत्र में शादी की उम्मीद टूटने पर प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। बृहस्पतिवार देर रात रेवती बहोड़ा खेड़ा स्टेशन के पास ये घटना हुई। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शवों को साथ ले गए। युवती, युवक की तहेरी बहन की ननद लगती थी, इस वजह से परिजन उनकी शादी के लिए तैयार नहीं हो रहे थे।
चंदौसी-आंवला रेलवे लाइन पर रेवती बहोड़ा खेड़ा स्टेशन से एक किमी पहले युवक और युवती ने सद्भावना एक्सप्रेस से कटकर जान दे दी। गश्त के दौरान जीआरपी ने दोनों के शव पड़े देखे तो थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रात दो बजे दोनों शवों की पहचान होने पर उनके परिजन को सूचना दी।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे दोनों के परिजन कुछ कहने से बचते रहे। उन्होंने बताया कि वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम को जरूरी बताया तो यहां आ गए। इंस्पेक्टर वीरेश कुमार ने बताया कि न तो कोई सुसाइड नोट मिला है, न ही कोई तहरीर। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है।
21 वर्षीय युवक रामनगर ब्लॉक के एक गांव का निवासी था। 18 वर्षीय युवती आंवला कस्बे से सटे गांव की रहने वाली थी। ग्रामीणों के अनुसार युवक की तहेरी बहन की शादी युवती के तहेरे भाई से पांच साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों का एक-दूसरे के परिवार में आना-जाना था। इस बीच दोनों में प्रेम संबंध हो गए। इसकी जानकारी जब परिवारवालों को हुई तो उन्होंने दोनों के मिलने-जुलने पर पाबंदी लगा दी।