Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Congress sets out to reclaim its lost political strength in Rohilkhand

शाहजहांपुर: रुहेलखंड में खोई सियासी ताकत तलाशने उतरी कांग्रेस, रैली के जरिये किया चुनावी तैयारियों का शंखनाद

Sat, 21 Nov 2026 01:29 PM IST
Mukesh Kumar आशीष त्रिपाठी, संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
आशीष त्रिपाठी, संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर Published by: Mukesh Kumar Updated Sat, 21 Nov 2026 01:29 PM IST
सार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शुक्रवार को शाहजहांपुर में संविधान बचाओ संवाद रैली को संबोधित किया। इस रैली के जरिए पार्टी ने चुनावी तैयारियों का शंखनाद किया। जानें इस रैली के सियासी मायने...

विज्ञापन
Congress sets out to reclaim its lost political strength in Rohilkhand
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा का स्वागत करते पदाधिकारी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

कभी कांग्रेस का मजबूत राजनीतिक गढ़ रहे शाहजहांपुर में पार्टी ने शुक्रवार को रैली के जरिये चुनावी तैयारियों का शंखनाद किया। लोधीपुर स्थित फॉर्म हाउस में आयोजित रैली में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ पांच जिलों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की इस कवायद को रुहेलखंड में खोई सियासी जमीन वापस पाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

विज्ञापन


शाहजहांपुर से कांग्रेस का पुराना राजनीतिक रिश्ता रहा है। लोकसभा सीट पर पार्टी छह बार जीत दर्ज कर चुकी है। दो प्रधानमंत्रियों के सलाहकार रहे स्वर्गीय जितेंद्र प्रसाद ने 1971, 1980, 1984 और 1999 में जीत हासिल की थी। उनके बेटे जितिन प्रसाद भी 2004 में कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुने गए।
विज्ञापन


विधानसभा चुनावों में भी शुरुआती दशकों में पार्टी का दबदबा रहा। 1952 से 1985 के बीच हुए दस चुनावों में कांग्रेस ने छह बार जीत दर्ज की। हालांकि, बाद में राजनीतिक समीकरण बदले और पार्टी का जनाधार सिमटता चला गया। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ब्रह्मस्वरूप सागर को महज 35,283 वोट मिले थे। 2024 में सपा से गठबंधन के चलते कांग्रेस ने यहां प्रत्याशी नहीं उतारा।
विज्ञापन
विज्ञापन


इन नतीजों के बीच पार्टी के सामने पुराने समर्थक वर्ग को दोबारा जोड़ने और बूथ स्तर पर संगठन खड़ा करने की चुनौती है। रैली के जरिये कांग्रेस ने इसी दिशा में कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कोशिश की। 

Trending Videos

चार विधानसभा चुनावों में नहीं खुला खाता
पिछले चार विधानसभा चुनावों के नतीजे जिले में कांग्रेस की कमजोर होती स्थिति की तस्वीर पेश करते हैं। वर्ष 2007 में पांच विधानसभा सीटों में पार्टी किसी पर जीत हासिल नहीं कर सकी। शहर सीट पर प्रत्याशी सरोज गुप्ता चौथे स्थान पर रहीं। 2012 में जिले की छह सीटों में सपा ने तीन, बसपा ने दो और भाजपा ने एक सीट जीती। कांग्रेस फिर खाली हाथ रही। 

साल 2017 में भाजपा ने पांच और सपा ने एक सीट पर कब्जा किया। इस चुनाव में तिलहर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने 76,065 वोट हासिल किए, लेकिन भाजपा के रोशनलाल वर्मा से 5,705 वोटों से हार गए। 2022 में भाजपा ने जिले की सभी छह सीटें जीत लीं। शहर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी पूनम पांडेय को महज 1,382 वोट मिले थे।

पांच जिलों को जोड़ने की रणनीति
शुक्रवार को हुई रैली में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना समेत पांच जिलों के कार्यकर्ता जुटे। इसके जरिये पार्टी ने मंडल स्तर पर संगठन में समन्वय बढ़ाने, स्थानीय नेतृत्व की सक्रियता परखने और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश की। 

प्रदेश नेतृत्व को विभिन्न जिलों में संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का फीडबैक लेने का अवसर भी मिला। कांग्रेस के लिए यह आयोजन कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और निष्क्रिय संगठन को सक्रिय करने की कवायद रहा। हालांकि, रैली के जरिये बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना पार्टी के सामने बड़ी चुनौती होगी।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed