Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Darren Lehmann Says He Was Unaware of Sandpaper Plot During 2018 South Africa Tour

सैंडपेपर कांड पर फिर गरमाई चर्चा: पूर्व कोच लेहमैन बोले- मुझे नहीं पता था; बैनक्रॉफ्ट के दावों पर जताई असहमति

Sat, 21 Nov 2026 05:11 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sat, 21 Nov 2026 05:11 PM IST
सार

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच डेरेन लेहमैन ने 2018 के सैंडपेपर विवाद में अपनी भूमिका को लेकर एक बार फिर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी नहीं थी और वह आज भी अपने पुराने बयान पर कायम हैं। हालांकि, उन्होंने कोच के तौर पर इस घटना की जिम्मेदारी स्वीकार की। 

विज्ञापन
Darren Lehmann Says He Was Unaware of Sandpaper Plot During 2018 South Africa Tour
पूर्व मुख्य कोच डेरेन लेहमैन - फोटो : IANS

विस्तार

ऑस्ट्रेलिया टीम के पूर्व मुख्य कोच डेरेन लेहमैन ने 2018 के चर्चित सैंडपेपर विवाद को लेकर एक बार फिर अपनी सफाई दी है। लेहमैन ने दोहराया है कि उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि इस विवाद के बाद का समय उनके जीवन का बेहद कठिन दौर था और इससे उबरने में उन्हें तीन से चार साल लग गए। लेहमैन का यह बयान उस समय सामने आया है, जब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के 'हम सभी को पता था' वाले दावे के बाद सैंडपेपर विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
विज्ञापन
Trending Videos

'2018 में जो हुआ, उस पर मेरा पक्ष आज भी वही है'
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले से पहले एबीसी रेडियो से बातचीत में लेहमैन ने कहा कि 2018 में जो कुछ हुआ, उसे लेकर उनका पक्ष आज भी नहीं बदला है। उन्होंने कहा, '2018 में जो कुछ हुआ, उसे लेकर मेरा पक्ष आज भी वही है। वह बेहद खराब समय था। हमने कई गलतियां कीं और सभी से गलतियां हुईं। लेकिन मेरा पक्ष आज भी वही है।'

साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान केपटाउन टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था। इस मामले में कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की सतह खुरचते हुए कैमरे में कैद किया गया था। विवाद के बाद स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर एक साल, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

Darren Lehmann Says He Was Unaware of Sandpaper Plot During 2018 South Africa Tour
गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने लेहमैन पर लगाए थे गंभीर आरोप
हाल ही में कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने अपने करीब 4000 शब्दों के लेख में दावा किया था कि गेंद को रिवर्स स्विंग कराने को लेकर ड्रेसिंग रूम में बातचीत हुई थी, जिसमें तत्कालीन गेंदबाजी कोच डेविड सेकर और मुख्य कोच डेरेन लेहमैन भी मौजूद थे। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, उस बातचीत के दौरान डेविड वॉर्नर ने गेंद की एक तरफ को खुरदरा बनाने के लिए सैंडपेपर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था।

हालांकि, लेहमैन ने इस बातचीत में अपनी मौजूदगी याद होने से इनकार किया। उन्होंने कहा, 'मुझे याद नहीं है कि मैं उस बातचीत में मौजूद था या नहीं। लेकिन यह साढ़े आठ साल पुरानी बात है। आपको उन लोगों से पूछना होगा। मेरा अपना पक्ष है और मैं उसी पर कायम हूं।'
विज्ञापन

'कोच होने के नाते मैं भी जिम्मेदार था'
लेहमैन ने विवाद की जिम्मेदारी से पूरी तरह पल्ला झाड़ने के बजाय कोच के तौर पर अपनी भूमिका स्वीकार की। उन्होंने कहा कि रिवर्स स्विंग के लिए गेंद को जमीन पर गिराना या उसकी सतह को खुरदरा करना क्रिकेट में लंबे समय से होता आया है, लेकिन 2018 में चीजें हद से आगे निकल गई थीं।

उन्होंने कहा, 'रिवर्स स्विंग के लिए गेंद को जमीन पर गिराया जाता है, उसकी एक तरफ को खुरदरा किया जाता है और कभी-कभी उसे खुरचा भी जाता है। यह 100 साल से होता आ रहा है। लेकिन 2018 में चीजें हद से आगे निकल गईं और कोच होने के नाते मैं इसकी जिम्मेदारी लेता हूं।' लेहमैन ने आगे कहा कि लोगों को लगता है कि उन्होंने इस विवाद में कुछ नहीं खोया, जबकि वास्तव में उन्हें दुनिया की सबसे अच्छी नौकरी गंवानी पड़ी। उन्होंने इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।

'तीन-चार साल तक सामान्य जिंदगी में लौटने की कोशिश करता रहा'
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कोच ने इस विवाद के मानसिक असर पर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद वह बेहद मुश्किल मानसिक दौर से गुजरे और उन्हें सामान्य जिंदगी में लौटने में कई साल लग गए। लेहमैन ने कहा, 'मैं बहुत अंधेरे दौर में चला गया था। यह उतना ही बुरा समय था, जितना आप सोच सकते हैं। मुझे सामान्य स्थिति में लौटने में करीब तीन से चार साल लग गए।' उन्होंने साफ किया कि वह अब उस दौर को दोबारा याद नहीं करना चाहते और अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'मैं उस अंधेरे दौर में वापस नहीं जाना चाहता। मैं आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा हूं। कुछ बातें मुझे याद हैं और कुछ याद नहीं हैं। यह एक बेहद दर्दनाक समय था। मैं नहीं चाहता कि कोई भी दोबारा ऐसे दौर से गुजरे। इस घटना से जुड़े सभी लोगों और उनके परिवारों के लिए मेरे मन में सहानुभूति है।'

मीडिया कवरेज पर भी जताई नाराजगी
लेहमैन ने सैंडपेपर विवाद को लेकर हालिया मीडिया कवरेज की भी आलोचना की। उनका कहना था कि इस मामले में कही जा रही कुछ बातें उन लोगों को मानसिक रूप से आहत कर रही हैं, जो पहले ही इस विवाद का खामियाजा भुगत चुके हैं। उन्होंने कहा कि गलतियां हुई थीं और इसके लिए माफी भी मांगी गई, लेकिन अब लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। उनके मुताबिक, मौजूदा चर्चाओं के कारण कई लोग और उनके परिवार फिर से मानसिक परेशानी से गुजर रहे हैं।

Darren Lehmann Says He Was Unaware of Sandpaper Plot During 2018 South Africa Tour
बैनक्रॉफ्ट-ख्वाजा-वॉर्नर - फोटो : ANI/cricket.com.au
बैठकों और बातचीत को लेकर भी नहीं दी स्पष्ट जानकारी
जब लेहमैन से पूछा गया कि क्या सैंडपेपर के इस्तेमाल के खिलाफ किसी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य ने बैठक में आवाज उठाई थी, तो उन्होंने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान कई अलग-अलग बैठकें और बातचीत हुई थीं। हर व्यक्ति हर बातचीत या बैठक का हिस्सा नहीं था। लेहमैन के मुताबिक, कुछ बातचीत में कुछ लोग शामिल थे, जबकि कुछ को उनकी जानकारी तक नहीं थी। इसलिए वह सभी बैठकों और चर्चाओं के बारे में कुछ निश्चित नहीं कह सकते। बता दें कि सैंडपेपर विवाद के बाद डेरेन लेहमैन ने ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच पद से इस्तीफा दे दिया था। करीब साढ़े आठ साल बाद भी यह मामला ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे विवादित अध्यायों में शामिल है और हालिया बयानों के बाद एक बार फिर चर्चा में है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed