Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   PM Modi Bihar VIsit: Highlights Bihar's Development Journey, NDA, RJD, Congress Nitish Kumar Vaishali News

पीएम मोदी की जनसभा: प्रधानमंत्री ने 16 मिनट के भाषण में क्या कहा, किसकी तारीफ की और किसे निशाने पर लिया?

Sat, 21 Nov 2026 04:07 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: आदित्य आनंद Updated Sat, 21 Nov 2026 04:07 PM IST
सार

PM Modi Bihar Visit: वैशाली की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के भविष्य को लेकर बड़ा संदेश दिया। नीतीश कुमार के नाम पर बने नए पुल से लेकर बिजली, सड़क और रोजगार तक कई मुद्दों पर उन्होंने अपनी बात रखी। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गरीब कल्याण योजनाओं और एनडीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। इतना ही नहीं उन्होंने जंगलराज की भी याद दिला दी। आइये जानते हैं पीएम मोदी ने अपने भाषण में क्या-क्या कहा?

विज्ञापन
PM Modi Bihar VIsit: Highlights Bihar's Development Journey, NDA, RJD, Congress Nitish Kumar Vaishali News
पीएम मोदी का बिहार दौरा। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना विकास के प्रति जागरूकता का जीता-जागता सबूत है। उन्होंने मुख्यमंत्री और एनडीए के सभी नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें बिहार की जनता के बीच आने, उनके दर्शन करने और प्रणाम करने का अवसर मिला। पीएम मोदी ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है। माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत रखकर परिवार, समाज और पूरे जगत के मंगल की कामना की है। अब छठी मैया के आशीर्वाद से बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की विकास यात्रा में एनडीए सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ आगे बढ़ी है और लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है। एनडीए सरकार के मौजूदा कार्यकाल का एक साल पूरा होने के अवसर पर लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती वैशाली को आयोजन के लिए चुना गया है। प्रधानमंत्री ने वैशाली और बिहार की मिट्टी को नमन करते हुए एनडीए के सभी घटक दलों, कार्यकर्ताओं और बिहारवासियों को शुभकामनाएं दीं।

विज्ञापन

विज्ञापन


'हमलोग रामविलास पासवान के सपनों को साकार कर रहे'
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। जिस बिहार को दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी, उसे नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में सुशासन का नया भरोसा मिला। नीतीश जी ने इतने वर्षों तक मुख्यमंत्री के तौर पर बिहार की सेवा की। उनके आशीर्वाद से हम इस अभियान को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी और उनकी पूरी टीम के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में आज यहां भी हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। मुझे पूरा भरोसा है कि मेरे मित्र रामविलास पासवान जी की आत्मा जहां भी होगी, वह आज हम पर फूलों की वर्षा कर रही होगी, क्योंकि हम उनके सपनों को भी साकार कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


'नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण के प्रति बिहारवासियों की ओर से सम्मान'
पीएम मोदी ने कहा कि साथियों, गंगा मैया पर बने दीदारगंज-बिदुपुर छह लेन केबल ब्रिज को जनता के लिए समर्पित किया गया है। इस आधुनिक ब्रिज का नाम नीतीश जी के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखा गया है। यह उनके सेवा और समर्पण के प्रति बिहारवासियों की ओर से सम्मान का प्रतीक है। इस पुल से पटना और वैशाली के बीच की दूरी और आवागमन की दिक्कतें कम हो गई हैं। अब फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। यहां के युवाओं को पढ़ाई में और बुजुर्गों को दवाई के लिए आने-जाने में बहुत आसानी होगी। बिहार में आधुनिक सड़कों का नेटवर्क भी तेजी से तैयार हो रहा है। आज औरंगाबाद-चौड़दाहा छह लेन हाईवे का लोकार्पण हुआ है। पीएम ने कहा कि आपके प्यार के लिए मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं। मुझे आगे के कार्यक्रम के लिए उत्तर प्रदेश पहुंचना है। आपका प्यार मेरे सिर-आंखों पर है। मेरे पास बहुत कम समय है, इसलिए आज अपनी बात पूरी करनी होगी। मैं देख रहा था कि इस कार्यक्रम में जो नौजवान आए हैं, वे वाकई मन को प्रसन्न करने वाले हैं। मेरे देश के, मेरे बिहार के नौजवानों को विकास का महत्व क्या होता है, इसकी पूरी समझ है। इसलिए युवाओं में इतना उत्साह और उमंग नजर आ रहा है।

'हजारों गरीब परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबी भी सौंपी गई'
पीएम ने कहा कि आज अनेक हाईवे परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया है। इन परियोजनाओं पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क नेटवर्क के साथ-साथ आज बिहार में ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। इसी दिशा में बक्सर थर्मल पावर प्लांट का निर्माण, पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट के ट्रांसमिशन सिस्टम का शिलान्यास और फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसे बड़े काम भी हुए हैं। एक समय था, जब बिहार के हजारों गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी। आज वही मेरा बिहार बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। शहरी यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए आज 100 आधुनिक पीएम ई-बसों को भी हरी झंडी दिखाई गई है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबी भी सौंपी गई है। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए बिहार के लोगों को बधाई देता हूं।

पीएम ने पूछा- एनडीए का शासन आने से पहले समय कैसा होता था?
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा बिहार एक लंबी यात्रा करके आज यहां तक पहुंचा है। वरना आप याद करिए, एनडीए का शासन आने से पहले समय कैसा होता था? तब गिनती घोटालों की होती थी, लेकिन आज बिहार में हो रहे निवेश के आंकड़े पेश किए जाते हैं। तब अपराधों के आंकड़े आते थे, अब अपराधियों पर कार्रवाई की बात होती है। आज एनडीए के शासनकाल में विकास की होड़ दिखाई देती है। उत्तर बिहार हो, नालंदा हो, गया जी हो, शाहाबाद हो, कैमूर हो या राजधानी पटना, हर इलाके में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। डबल इंजन सरकार में बिहार के विकास की रफ्तार क्या है, पिछले एक साल में हुए काम इसके उदाहरण हैं। आप देखिए, एनडीए सरकार में बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश समझौते किए गए हैं। गया जी में छह हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना पर काम शुरू हो रहा है। मोतिहारी सहित बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति लाई गई है।
PM Modi in Bihar Live: पीएम मोदी ने जंगलराज की याद दिलाते हुए क्या कहा? कांग्रेस पर भी लगाया बड़ा आरोप

'बिहार के विकास की सूची इतनी लंबी है कि इसे गिनाया नहीं जा सकता'
पीएम मोदी ने कहा कि किसानों के लिए हर खेत तक पानी पहुंचाने के उद्देश्य से 11 हजार नए नलकूप लगाने की पहल हुई है। सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली सुनिश्चित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। एक साल में 200 से ज्यादा नए डिग्री कॉलेज शुरू हुए हैं। हमारी बेटियों के लिए मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है। बिहार के विकास की सूची इतनी लंबी है कि इसे किसी एक मंच से गिनाया नहीं जा सकता। बिहार के विकास को यहां आकर ही महसूस किया जा सकता है।

'कांग्रेस दशकों तक गरीबों को गुमराह करती रही और वोट लूटती रही'
पीएम मोदी ने कहा कि जब सही नीयत से काम होता है तो नतीजे भी दिखाई देते हैं। जिस देश में कांग्रेस दशकों तक गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही, गरीबों को गुमराह करती रही और वोट लूटती रही, वहां 12 साल के भीतर हमने 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। यह सरकार की इच्छाशक्ति का परिणाम है। यह सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का नतीजा है। गरीबी के खिलाफ देश यह लड़ाई इसलिए जीत रहा है, क्योंकि हमने करोड़ों गरीबों के जीवन को आसान बनाया है। उन्हें सुविधाएं देने को प्राथमिकता दी है। हमने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया। करोड़ों परिवारों को पक्का मकान देकर उन्हें सुरक्षा का भाव दिया। मुफ्त इलाज की गारंटी देकर उन्हें महंगे इलाज के बोझ से मुक्त किया। हमने शौचालय, बिजली और पानी पहुंचाकर करोड़ों गरीबों को सम्मानपूर्ण जीवन दिया। इसके कारण गरीबों में भी आत्मविश्वास जगा और वे गरीबी को परास्त करके आगे बढ़े हैं। गरीबी के खिलाफ इस अभियान में हमारे बिहार का भी बहुत बड़ा योगदान है। 

विकसित बिहार और विकसित भारत का संकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में डबल इंजन सरकार ने पूरी मेहनत से काम किया। केंद्र सरकार ने योजनाएं बनाईं और राज्य में एनडीए सरकार ने उन्हें लागू किया। जनकल्याण की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया। बिहार में 93 लाख परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। अभी अगस्त में ही 11 लाख और घरों को मंजूरी दी गई है। बिहार के करीब 75 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत हजारों करोड़ रुपये भेजे गए हैं। सरकार ने स्वयं सहायता समूहों को जो सहयोग दिया, उससे यहां 50 लाख ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी बन गई हैं। ऐसे ही प्रयासों का परिणाम है कि आज बिहार के करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और देश भी इस सफलता तक पहुंचा है। अब हमें न रुकना है और न थकना है। एनडीए के सभी घटक दलों को मिलकर समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार बनाने के लिए लगातार काम करना है। इसी संकल्प के साथ एक बार फिर आप सभी को इस अभूतपूर्व विकास यात्रा के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed