Bareilly News: गणेश प्रतिमा विसर्जन करने गए चार युवक रामगंगा नदी में बहे, एक की डूबकर मौत
बरेली में रामगंगा के चौबारी घाट पर गणेष प्रतिमा विसर्जन करने आए चार युवक नदी में बह गए। गोताखोरों ने चारों को बाहर निकाला, इनमें एक युवक की मौत हो गई। तीन युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र से गांव चौबारी स्थित रामगंगा घाट पर मंगलवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन करने गए चार युवक रामगंगा में बह गए। इनमें एक शिवा की मौत हो गई। तीनों युवकों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव पीपलसाना चौधरी निवासी दो सगे भाई शत्रुघ्न पांडेय, रत्नेश पांडेय के साथ शिवा (22) मंगलवार दोपहर 12 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन करने रामगंगा के चौबारी घाट गए थे। दोपहर दो बजे प्रतिमा विसर्जन के बाद चारों युवक रामगंगा में नहाते-नहाते गहरे पानी में चले गए। युवकों को तैरना नहीं आता था।
गोताखोरों ने चारों को बाहर निकाला
चारों युवक बहने लगे। साथ आए श्रद्धालुओं ने पुलिस को कॉल करके सूचना दी। सुभाषनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, रामगंगा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सदर भी आ गए। गोताखोरों की मदद से शत्रुघ्न पांडेय व रत्नेश पांडेय और मुनीश को बचा लिया गया जबकि शिवा की मौत हो गई।
शिवा को जीवित होने की उम्मीद में जिला अस्पताल तक लाया गया, डॉक्टरों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीन युवकों को बदायूं रोड स्थित निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करा दिया। चारों युवकों के परिवारवाले पहुंच गए। शिवा के परिजनों का रोकर बुरा हाल है। शत्रुघ्न व रत्नेश पीपलसाना चौधरी मंदिर के पुजारी विनोद पांडेय के पुत्र हैं।