Bareilly News: विवाहिता बेटी की मौत पर ससुराल पहुंचे पिता, दामाद पर बंधक बनाकर पीटने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने दामाद समेत नौ नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों पर बंधक बनाकर पीटने का आरोप भी लगाया है।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में विवाहित बेटी के बीमार होने की सूचना पर देखने पहुंचे पिता ने जब बेटी की लाश आंगन में पड़ी देखी तो वह घबरा गए। उन्होंने ससुरालवालों पर आरोप लगाए। इस पर उन्हें और उनके साथ आए लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। मारपीट भी की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों को नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाना, दहेज के लिए प्रताड़ित करना, बंधक बनाने आदि के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीलीभीत के गांव गुलरिया भंडारा निवासी दिलीप कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी पूजा की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व राईनवादा गांव के केसरीलाल के साथ की थी। पूजा को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। कई बार उसके साथ मारपीट की गई। दो बार गांव में पंचायत हुई। इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी को समझाकर ससुराल भेज दिया। पूजा के दो पुत्री तथा एक पुत्र है। ससुरालवाले मायके से खर्चे के रुपये लाने के लिए दबाव बनाते थे लेकिन वह हर बार अपनी पुत्री को समझा कर शांत कर देते थे।
यह भी पढ़ें- UP: 'न धर्म बदला... न शादी की', छह महीने बाद बरेली लौटी युवती ने किया दावा; सौतेली मां पर लगाए आरोप
दिलीप कुमार के मुताबिक पूजा ने फोन कर जानकारी दी थी कि उसके पति और परिवार के लोग उसे बहुत प्रताड़ित कर रहे हैं। वह उसे जान से मार देंगे। उसे यहां से ले जाएं। पिता ने धान की निराई का हवाला देते हुए कुछ दिन बाद आकर ले जाने का वादा किया। चार अगस्त को शाम करीब पांच बजे दिलीप के पास फोन आया कि पूजा की तबीयत बहुत खराब है, वह तुरंत उसे देखने आ जाए।
आंगन में पड़ा था बेटी का शव
उनको शक हुआ तो वह परिवारवालों को साथ लेकर बेटी की ससुराल पहुंचे। आंगन में बेटी पूजा मृत पड़ी थी। दिलीप का आरोप है कि उन्होंने घटना का कारण पूछा तो उन्हें और उनके परिवार के लोगों को दामाद केसरी लाल आदि ने बंधक बना लिया और मारपीट की। उन्होंने कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया। इसके बाद उन्होंने मृत बेटी का चेहरा देखा।
पीड़ित दिलीप की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसमें मृतका के पति केसरीलाल, गेंदनलाल, केसरीलाल की मां, मिथुन, सुशीला, ममता, जितेंद्र, कमलेश, कपिल को नामजद किया गया है। 12 आरोपी अज्ञात हैं।