Bareilly News: भाजपा सांसद के आवास के बाहर धरने पर बैठे किसान, गन्ना भुगतान कराने की मांग
बरेली में शनिवार को भाजपा सांसद छत्रपाल गंगवार के आवास का बहेड़ी के गन्ना किसान आवास के बाहर ही धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि दो साल से बहेड़ी केसर चीनी मिल के अधिकारी उनका भुगतान फंसाकर बैठे हैं। उनका भुगतान कराया जाए और उनका सेंटर मीरगंज की मिल से जोड़ दिया जाए।
विस्तार
बरेली में बहेड़ी चीनी मिल से दो वर्षों का गन्ना भुगतान न होने के विरोध में इटौआ गांव के किसान शनिवार को भाजपा सांसद के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। साथ ही किसानों के लिए नजदीकी सेंटर मीरगंज कराने की मांग की। सेंटर में बदलाव होने तक किसानों ने बच्चों के साथ आवास के बाहर ही जमे रहने की चेतावनी भी दी। किसानों से मिलने पहुंचे सांसद छत्रपाल गंगवार ने किसानों से बातचीत कर गन्ना विभाग और चीनी मिल के अधिकारियों को तलब कर लिया। देरशाम सांसद की ओर से किसानों को लखनऊ ले जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान धरने से उठ गए।
शनिवार को नैनीताल रोड स्थित सांसद आवास पर सुबह ही ट्रॉली में करीब 150 किसान पहुंच गए। इसके बाद गद्दा डालकर आवास के बाहर ही धरने पर बैठ गए और सरकार के विरोध में नारेबाजी करने लगे। कुछ देर किसानों ने सड़क को बंद कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिसबल भी आवास पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने किसानों से धरने से उठने की अपील की। लेकिन किसान मांगे पूरी होने तक धरने पर बैठने की जिद पर अड़े रहे।
किसानों ने कहा कि गन्ने का भुगतान न होने की वजह से बच्चों के स्कूल की फीस नहीं जमा हो पाई है। इस वजह से स्कूल से निकाल दिया गया है। वहीं, बेटियों की शादियां कर्ज लेकर करना पड़ी है। कर्जदार का ब्याज चुकाने की तंगी आ गई है। सूचना मिलते ही सांसद धरने पर बैठे किसानों से मिलने पहुंच गए।
सांसद ने अफसरों को मौके पर बुलाया
किसानों की आर्थिक समस्या सुन सांसद ने किसानों की समस्या सुनकर गन्ना विभाग के अधिकरियों को आवास पर तलब कर लिया। काफी देर तक सांसद और जिला गन्ना अधिकारी में बातचीत चलती रही। इसके बाद देरशाम किसानों को सांसद ने आश्वासन दिया कि वे स्वयं सभी किसानों को लेकर लखनऊ में उच्च अधिकारियों के पास जाएंगे। किसानों का दो वर्ष से रुका भुगतान भी दिलाने को हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही सेंटर में बदलाव कर सेंटर मीरगंज कराने पर भी चर्चा की जाएगी। इस मौके पर रवींद्र सिंह, यशपाल सिंह, हरिपाल चौधरी, राजेश, सोनपाल, कृष्णपाल आदि किसान मौजूद रहे।
मासिक पंचायत में किसानों की समस्याओं पर की गई चर्चा
भारतीय किसान यूनियन टिकैत की मासिक पंचायत में खाद संकट, छुट्टा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद यूनियन के पदाधिकारी सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.