Bareilly News: 19 आरोग्य मंदिर के संचालन की कवायद शुरू, मरीजों को मिलेगी राहत, निशुल्क होंगी 14 तरह की जांचें
बरेली में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन की कवायद शुरू हो गई है। आरोग्य मंदिरों में प्रसव को छोड़कर बाकी सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इससे आसपास के हजारों लोगों को फायदा मिलेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पिछले वर्ष शुरू हुई 19 आरोग्य मंदिरों के संचालन की कवायद अब साकार होने लगी है। शहर में दो और देहात के नौ केंद्रों के भवन आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अफसरों का दावा है कि शेष 10 केंद्रों के लिए जल्द भवन चयनित किए जाएंगे।
नेशनल हेल्थ मिशन के नोडल डॉ. अजमेर सिंह के मुताबिक, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रसव को छोड़कर बाकी सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इससे आसपास के हजारों लोगों को फायदा मिलेगा। नौ केंद्रों के लिए स्थल चिह्नित हो गए हैं और संचालन की तैयारियां जारी हैं। दस केंद्रों के लिए भवन स्वामियों से वार्ता चल रही है। अभी शहरी क्षेत्रों में 26 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 36 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर सक्रिय हैं। नए केंद्रों के क्रियाशील होने से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।
डॉ. सिंह के मुताबिक नए केंद्रों का संचालन प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत होगा। करीब 20 हजार की आबादी वाली सघन, मलिन बस्तियों के आसपास टीकाकरण, मरीजों की स्क्रीनिंग, ओपीडी में इलाज और मुफ्त दवा का वितरण भी होगा।
इन इलाकों में चयनित हुए भवन
शहर के पटेल बिहार, बाग ब्रिगटान, नवाबगंज में इंदिरानगर और भट्ठा मोहल्ला, फरीदपुर में भूरे खां गौटिया और मिर्धान, आंवला में कच्चा कटरा और बहेड़ी में शाहगढ़ और महादेवपुर में जगह चिह्नित कर ली गई है। शहरी क्षेत्र में यूपीएचसी और अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास अपने भवन नहीं हैं। इन्हें निजी भवनों में किराये पर संचालित किया जा रहा है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मिलती हैं ये सुविधाएं
- 151 प्रकार की दवाएं और 14 तरह की पैथोलॉजी जांचें मुफ्त होती हैं।
- प्रसव पूर्व जांच, सुरक्षित प्रसव, परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध हैं।
- टीकाकरण, ओपीडी, संचारी व गैर-संचारी रोगों का इलाज होता है।
- आरबीएसके, मानसिक स्वास्थ्य, किशोरों-किशोरियों को परामर्श मिलता है।